छात्रा का दुष्कर्मी हत्यारा गिरफ्तार, बोला सांसेंं चल रही होतीं तो दोबारा घोंट देता गला
सैंया क्षेत्र में शौच को गई छात्रा से दुष्कर्म के बाद घोंट दिया था गला। सीतापुर का रहने वाला आरोपित दोस्त के यहां था ठहरा।
आगरा, जागरण संवाददाता। दो दिन पहले छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले हत्यारेे ने गिरफ्तार होने पर अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्यारे का कहना है कि वो वारदात के बाद नहर पर नहाया और दोबारा घटनास्थल पर गया। यदि उसकी सांसें चल रही होतीं तो दोबारा गला घोंटकर उसे मार देता। दुष्कर्म और हत्या के इस मामले का बुधवार को पुलिस ने पर्दाफाश किया था। दुष्कर्मी हत्यारा सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गांव मे अपने दोस्त के पास कई महीने से आकर रह रहा था।
सैंया थाना क्षेत्र निवासी आठवीं में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा 11 मई को घर से शौच के लिए गयी थी। वहां दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करके शव को खेत के किनारे बनी झाड़ी में फेंक दिया था। एसपी ग्रामीण रवि कुमार ने बताया छात्रा की हत्या सलमान ने की थी। वह सीतापुर के थाना क्षेत्र तंबौर के गांव गड़ौसा का रहने वाला है।सलमान ने पूछताछ में पुलिस काे बताया कि सैंया निवासी शेर सिंह सीवर ठेकेदार है। वह सीवर लाइन की सफाई का काम कराता है। शेर सिंह की लखनऊ जाने के दौरान ट्रेन मे उससे मुलाकात हो गयी। सलमान की मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली है। इसलिए पिता से अनबन के चलते उन्होंने घर से निकाल दिया। वह कुछ महीने से शेर सिंह के साथ मिलकर काम कर रहा था। होली पर वह शेर सिंह के साथ उसके गांव आ गया।
सलमान ने बताया कि उसने 11 मई को छात्रा को अकेला देखकर दबोच लिया। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसने के बाद जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। मुंह से कपड़ा निकालने पर छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया।अपने साथ हुई घटना की जानकारी स्वजनों को देने की कहने लगी। पकड़े जाने के डर से उसने छात्रा की उसकी चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
एसपी ग्रामीण रवि कुमार के अनुसार हत्यारोपित सलमान ने अपना जुर्म कबूल किया है। उसे जेल भेजा जा रहा है। पर्दाफाश करने वाली टीम में सीओ प्रदीप कुमार और इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह थे।
हत्या करके नहाया,मरने की पुष्टि करने लौटा
सलमान ने पुलिस काे बताया कि छात्रा से दुष्कर्म और उसकी हत्या करने के बाद वह गांव के बाहर नहर में नहाने चला गया। इसके बाद वह दोबारा घटनास्थल पर यह देखने के लिए लौटा कि छात्रा मर गयी है कि नहीं। इससे कि यदि सांसे चल रही होतीं तो वह उसका दोबारा गला घोंट देता। छात्रा की मौत की पुष्टि होने के बाद वह गांव गया। उसे दोबारा घटनास्थल से लौटते समय गांव के कुछ लोगाें ने देख लिया था। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।इसके बाद पुलिस के शक की सुई उसकी ओर गयी।
बार-बार बयान बदलकर गुमराह करता रहा
शातिर सलमान सीओ प्रदीप कुमार और इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह को पूछताछ के दौरान लगातार गुमराह करने का प्रयास करता रहा। उसने दोस्त शेर सिंह की ओर भी शक की सुई मोड़ने का प्रयास किया। पुलिस काे बताया कि वह शेर सिंह के साथ था। पुलिस ने उसके बयान क्रास चेक किए तो वह गलत पाया। शातिर ने इसके बाद गांव के कई लोगाें के नाम पुलिस के सामने लिए। मगर,हर बार उसका झूठ पकड़ा गया।