आगरा के बल्केश्वर में बदमाशों ने घर में घुसकर की लूटपाट, 13 तोला सोना ले गए बदमाश
चाकू से डराकर घर में रखे 13 तोले सोने के गहने ले गए बदमाश। पीड़ित ने थाना कमला नगर में दी तहरीर पुलिस मान रही घटना को संदिग्ध। शनिवार तड़के की बताई जा रही है घटना। घर मालिक करते हैं गुरुग्राम में नौकरी। परिवार रहता है आगरा में।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के बल्केश्वर में स्थित एक घर में शनिवार तड़के बदमाशों ने धावा बोल दिया। घर में घुसकर बदमाशों ने चाकू के बल पर 13 ताेले सोने के गहने लूटे और भाग गए। पीड़ित ने थाना कमला नगर में तहरीर दी है।
बल्केश्वर के ईडब्ल्यूएस आवास में देवेंद्र सिंह का परिवार रहता है। देवेंद्र गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। यहां घर में उनकी पत्नी सुमन, दो बेटे और एक बहू रहते हैं। शनिवार को तड़के सभी घर में सो रहे थे। सुबह पांच बजे बदमाश उनके घर में दाखिल हो गए। सुमन ने बताया कि उनकी नींद खुली थी तब चार बदमाश घर में बैठे थे। उन्होंने सुमन के गले पर चाकू लगा दिया। उनसे पूछा कि गहने कहां रखे हैं, बता दे। नहीं तो गला काटकर मार डालेंगे। डरकर सुमन ने अलमारी में रखे 13 ताेले सोने के गहने बता दिए। बदमाश अलमारी से गहने निकालकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद सुमन ने अपने छोटे बेटे लाखन और बड़े बेटे पंकज को घटना की जानकारी दी। पंकज ने थाना कमला नगर में घटना की तहरीर दी। इंस्पेक्टर कमला नगर नरेंद्र शर्मा का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। घर के किसी गेट या अलमारी का ताला नहीं टूटा है। चोर अंदर कहां से आ गए? यह कोई नहीं बता पा रहा है। तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।