जिसको कहती थी वो भैया, वो ही निकला विश्वास का कातिल, जानें क्या है मामला
माता पिता की अनुपस्थिति में दादी और बड़े भाई के साथ थी बालिका। मौका देखकर चचेरे भाई ने बनाया शिकार। पिता ने कराया मुकदमा दर्ज।
आगरा: चचेरा भाई यूं तो दूर का रिश्ता नहीं हुआ। परिवार एक, रक्त संबंध एक लेकिन हैवानियत ऐसी सवार हुई कि भैया- भैया कहकर आंगन में घूमने वाली छोटी बहन को ही हैवानियत का शिकार बना लिया। मथुरा जिले के फरह थाना क्षेत्र के एक गांव में दस वर्षीय बालिका के साथ उसके ही चचेरे भाई ने दुराचार किया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है।
रविवार को देर रात वादी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार वादी अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया हुआ था। घर वे अपनी बूढ़ी मां के अलावा दस वर्षीय पुत्री और 12 वर्षीय पुत्र को छोड़ गया था। पीछे से मौका देखकर वादी के सगे भाई के 19 वर्षीय पुत्र रवि ने उसकी पुत्री के साथ दुराचार किया।
दी गई तहरीर में बताया गया है कि रविवार देर शाम को ससुराल से वापस आने पर पुत्री द्वारा माता पिता को पूरी घटना की जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को बेटी के साथ हुए दुष्कर्म की सूचना दी और देर रात को मुकदमा दर्ज कराया।
उधर बालिका के साथ दुराचार की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी विनय सिंह चौहान घटनास्थल पर पहुंच गए।
आरोपी के खिलाफ पोक्सो के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पोक्सो के अंतर्गत तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिये भेजा गया है। आरोपी को पकडऩे के लिये दबिश दी जा रही है।
मासूम से दुष्कर्म का यह कोई नया मामला सामने नहीं आया है। अपनों और परायों की हवस का शिकार बचपन हो रहा है। कुछ दिन पूर्व राजपुर में रात घर के बाहर सो रही 7 वर्षीय बालिका को दो दरिंदे उठाकर ले गए और सुनसान मैदान में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। लहूलुहान मासूम ने जैसे--तैसे घर पहुंचकर आपबीती बताई। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं आगरा में ही एमजी रोड के फुटपाथ पर सो रही मासूम के साथ कानून की पढ़ाई करने वाले एक युवक ने दुष्कर्म किया था।