खुल सकती हैं शिक्षक भर्ती घोटाले की कई पर्तें, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
एसटीएफ ने नए बस स्टैंड से किया गिरफ्तार। चल रही आरोपित से पूछताछ। दो आरोपित अभी हैं फरार।
आगरा, जेएनएन: शिक्षक भर्ती घोटाले में फरार चल रहा मास्टरमाइंड आलोक उपाध्याय को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। एसटीएफ पूछताछ के बाद आरोपित को मेरठ कोर्ट में पेश करेगी। आलोक की गिरफ्तारी के बाद इस घोटाले से जुड़े तार प्रकाश में आ सकते हैं।
परिषदीय विद्यालयों में विज्ञान, गणित शिक्षक भर्ती में मथुरा में 108 शिक्षक फर्जी दस्तावेज से नौकरी प्राप्त करने में सफल हुए थे। मई में यह मामला प्रकाश में आया था। इस मामले में जून में मास्टरमाइंड आलोक सहित 22 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। जून में ही एसटीएफ ने इसमें से 16 आरोपित शिक्षकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद एक अन्य आरोपित शिक्षक राजवीर को भी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। इस खेल का मास्टर माइंड आलोक उपाध्याय तभी से फरार चल रहा था। एसटीएफ और पुलिस आलोक उपाध्याय की लगातार तलाश कर रही थी। कई स्थानों पर दबिश के बाद भी आलोक हाथ नहीं आया। शुक्रवार की रात एसटीएफ ने आलोक को मथुरा के नए बस स्टैंड के निकट से गिरफ्तार कर लिया। इस खेल में अभी वेगराज, लाखन की पुलिस को तलाश है। आलोक की गिरफ्तारी के बाद शिक्षक भर्ती में हुए घोटाले के महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। विभागीय कर्मचारियों की भूमिका भी पुलिस के सामने आ सकती है। पूछताछ के बाद आलोक को मेरठ ले जाया जाएगा।