आगरा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, छह महीने पहले हुई थी शादी
ताजगंज के एकता चौकी इलाके की घटना। स्वजन ने ससुराल वालों को ठहराया जिम्मेदार। स्वजन का आरोप है कि बहन का शव कमरे में मिला। उसके गले पर निशान था।। हाथ व सिर में चोट का निशान था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज के एकता चौकी इलाके में शनिवार की भोर में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। जानकारी होने पर पहुंचे स्वजन ने पुलिस को बुला लिया। उसने मौत का कारण जानने के लिए विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, स्वजन ने पति और ससुराल वालों को विवाहिता की मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
सदर के सेवला निवासी 24 साल की पूनम पुत्री श्रीनिवास की शादी छह महीने पहले योगेश के साथ हुई थी। स्वजन के अनुसार पूनम की ससुराल एकता चौकी क्षेत्र में है। पति योगेश कोचिंग संचालक है। स्वजन ने बताया कि शनिवार की भोर चार बजे ससुराल वालों ने फोन किया। बताया कि पूनम के पेट में दर्द हो रहा है। उसकी हालत खराब है। इसके कुछ देर बाद ससुराल वालों का दोबारा फोन आया, बताया कि उसकी मौत हो गई है।
जानकारी होने पर स्वजन उसकी ससुराल पहुंच गण्। स्वजन का आरोप है कि बहन का शव कमरे में मिला। उसके गले पर निशान था।। हाथ व सिर में चोट का निशान था। ससुराल वालों से इसके बारे में पूछताछ करने पर उन्होने कहा कि धोती से पंखे से लटक कर जान दी है। जिस पंखे से लटक कर जान देने की कह रहे थे उस पर धूल तक नहीं हटी थी। पुलिस को मौके पर बुला लिया। मकान की छत पर रस्सी मिली, जिसमें बाल लगे थे।
स्वजन ने ससुराल वालों को पूनम की मौत का जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप था कि ससुराल वालों ने उसे जान से मारा है। पुलिस ने शव को कब्जे में करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ताजगंज ओमहरि बाजपेयी ने बताया कि विवाहिता की मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। स्वजन द्वारा तहरीर देने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।