बाजार में बन रहा धनवर्षा का योग, धनतेरस के लिए आने लगे ऑर्डर, जानिए क्या है नया
दीपों के पर्व का उत्साह बाजार में दिखने लगा है। धनतेरस के लिए जोरदार तैयारियां हैं। बाजार में सजावट चल रही है।
आगरा, [कुलदीप सिंह]: इस बार बाजार में धनवर्षा का योग बन रहा है। दीपावली और धनतेरस के लिए अभी से एडवांस बुकिंग होने लगी है।
बीते कुछ दिनों से शांत सराफा बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। लोगों ने धनतेरस के लिए अपनी पसंद के जेवर बनवाने के लिए ऑर्डर देने शुरू कर दिए हैं। धनतेरस पर चांदी के गणेश लक्ष्मी, सिक्कों के साथ ही स्वर्ण आभूषणों की मांग सबसे अधिक है। सही समय पर अपनी पसंद का सामान मिल जाए इसके लिए एडवांस बुकिंग हो गई है। सबसे अधिक मांग चांदी के सिक्कों की है। लोग घर के साथ उपहार में देने के लिए भी चांदी के सिक्के पसंद कर रहे हैं। अभी तक बाजार में 20 हजार से ज्यादा सिक्कों के ऑर्डर दिए चुके हैं। चांदी के सिक्कों की सप्लाई गुजरात से हो रही है। दस ग्र्राम के सिक्के की कीमत 550 रुपये है।
इलेक्ट्रॉनिक्स में दो करोड़ के ऑर्डर बुक
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी गजब की तेजी देखने को मिल रही है। एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव और अन्य घरेलू उत्पादों के लिए दो करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर बुक किए जा चुके हैं। बुकिंग अपनी पसंद के मॉडल और रंग आदि समय पर मिल जाएं, इसलिए की गई है। सबसे अधिक मांग माइक्रोवेव और एलईडी की है।
कार और बाइक की बुकिंग कुछ हल्की
पिछले साल के मुकाबले इस साल बाइक और कार की बिक्री में 20 फीसद तक की कमी देखने को मिल रही है। ऑटोमोबाइल्स डीलर्स एसोसिएशन ऑफ आगरा के अध्यक्ष अनिल दुदवेवाला ने बताया कि धनतेरस के लिए अभी तक लगभग 600 कारों की बुकिंग हुई है। पिछले साल यह आंकड़ा 750 के पार थी। वहीं बाइक की 1400 बुकिंग अभी तक की जा चुकी हैं।