धनतेरस पर बाजार गुलजार, 500 करोड़ की खरीदारी, दुकानदारों की चांदी
दीपोत्सव के साथ ही बाजार में खरीदारी का हुआ श्रीगणेश, लौटी बाजार की रौनक
आगरा: धनतेरस पर बाजार में ऐसी चमक बिखरी कि कई महीने से परेशान चल रहा सराफा व्यापार पूरी तरह निखरा नजर आया। ग्राहकों से मिले जबर्दस्त रुझान से सुस्त पड़े बाजार ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को धनतेरस पर सोने चांदी के आभूषण, सिक्के, व्हाइट गोल्ड, डायमंड ज्वैलरी के साथ इलेक्ट्रोनिक्स और वाहन बाजार में बूम देखा गया। एक ही दिन में लगभग 500 करोड़ से ज्यादा की खरीदारी हुई। बाजार में खूब खनके सोने-चांदी के सिक्के
धनतेरस पर सोने चांदी के आभूषण और सिक्कों को सबसे ज्यादा खरीदा गया। इसके साथ लोगों ने हॉलमार्क वाले बिस्किट और ब्रिक भी खरीदी। बाजार में शाम होते-होते छोटे सिक्के में खत्म होने की नौबत आ गई। चांदी के सिक्कों के साथ ही सबसे ज्यादा मांग सोने के एक ग्राम से लेकर 10 ग्राम के सिक्कों की रही। सोने का दस ग्राम का सिक्का करीब 32800 रुपये का बिका जबकि ब्रांडेड सोने का सिक्का 35800 रुपये तक का बिका। चांदी के दस ग्राम के सिक्के की कीमत 440 रुपये रही जबकि ब्रांडेड सिक्का 550 रुपये का बिका। चांदी का एक तोले का पुराना सिक्का 700 रुपये और सोने की दस ग्राम की गिन्नी 23 हजार में बिकी। जबकि सोने का 100 ग्राम का बिस्किट 306500 का बिका। सोने चांदी के लिए लोगों ने ब्रांडेड के साथ अपने भरोसे के ज्वैलर्स से खरीदारी की। वहीं इस बार लोगों ने गोल्ड के साथ डायमंड और व्हाइट गोल्ड भी खूब खरीदा। गोल्ड में स्मोकी पॉलिश वाली ज्वैलरी की मांग बढ़ी क्योंकि यह एंटीक ज्वैलरी का आभास कराती है। लंबे ब्रेक के बाद सीजन की शुरुआत होने से सराफा कारोबारियों के चेहरे धनतेरस पर खिले नजर आए। वाहन बाजार में खूब घूमा चक्र
धनतेरस पर सिर्फ सराफा बाजार में ही नहीं बल्कि दो और चार पहिया वाहनों की भी खूब खरीदारी हुई। लोगों ने त्योहार पर शुभ मुहूर्त देखकर करीब साढ़े तीन हजार वाहन खरीदे। सेगमेंट के हिसाब से बात की जाए तो एक हजार से ज्यादा चार पहिया वाहन, दो सौ से अधिक व्यवसायिक वाहनों की बिक्री हुई। सबसे ज्यादा मांग दो पहिया वाहनों की रही, जिस कारण बिक्री की संख्या साढ़े तीन हजार तक पहुंच गई। इतनी ज्यादा संख्या में वाहन खरीदारी होने का एक प्रमुख कारण यह रहा कि ग्राहकों को आसानी से वाहन लोन उपलब्ध हो गया। इसके साथ एजेंसियों ने अपने यहां से वाहन की खरीद पर सोने और चांदी के सिक्के गिफ्ट में देकर ग्राहकों को आकर्षित करने की भी कोशिश की। इलेक्ट्रोनिक्स बाजार में रंगत
इलेक्ट्रोनिक्स बाजार में भी अच्छी गर्माहट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा जोर एलईडी, स्मार्ट टीवी के साथ अन्य होम एपलाइंसेज पर रहा। लोगों ने अपनी सुविधा और अन्य जरूरतों के हिसाब से माइक्रोवेव, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, कंप्यूटर, लैपटॉप, म्यूजिक सिस्टम के साथ अन्य उत्पादों की खरीदारी की। सबसे ज्यादा मांग एलईडी और स्मार्ट टीवी की रही। स्मार्टफोन की जमकर बिक्री
स्मार्टफोन का बाजार भी धनतेरस पर गुलजार रहा। स्मार्टफोन के बाजार में हाई से लेकर लो सेगमेंट तक के सभी फोन की मांग रही। इसके साथ फोन पर आसान किस्तों और लोन की सुविधा के चलते लोगों ने अच्छी संख्या में हाई रेंज की तरफ रुख किया। शुरुआती रेंज के फोन की भी काफी मांग रही। दिन में ही उमड़ी भीड़, रात तक होती रही खरीदारी
धनतेरस पर सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। दोपहर में सभी बाजारों में ग्राहकों का मेला लगा रहा। शाम होते-होते बाजारों में जाम की स्थिति पैदा हो गई। दुकानें ग्राहकों से खचाखच भर गई।