Move to Jagran APP

Monuments in Agra: आज भी कैद है ताज, किला और सीकरी का इतिहास, खुले तो पर्यटन भी भरने लगे उड़ान

Monuments in Agra ताजमहल आगरा किला फतेहपुर सीकरी में कई स्मारक हैं बंद। वर्षों से बंद स्मारकों को खोलने की मांग उठाते रहे हैं पर्यटन कारोबारी। आगरा आने वाले अधिकांश पर्यटक ताजमहल आगरा किला और फतेहपुर सीकरी का टूर करकर ही लौट जाते हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Sat, 07 Nov 2020 08:29 AM (IST)Updated: Sat, 07 Nov 2020 08:29 AM (IST)
Monuments in Agra: आज भी कैद है ताज, किला और सीकरी का इतिहास, खुले तो पर्यटन भी भरने लगे उड़ान
ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी में कई स्मारक हैं बंद।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में विश्व धरोहरों पर लगे ताले खुल जाएं तो यहां पर्यटन को चार चांद लग सकते हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने विश्व धरोहर ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में कई स्मारकों पर बंदी का ताला लगा रखा है। कोरोना काल में जब स्मारकों में पर्यटकों पर कैपिंग लागू है, तब इन बंद स्मारकों को खोला जा सकता है। पर्यटन कारोबारी वर्षों से इसके लिए मांग उठाते रहे हैं, लेकिन उनकी मांग को हमेशा अनसुना कर दिया जाता है।

loksabha election banner

आगरा आने वाले पर्यटक दिन के दिन लौट जाते हैं। आगरा आने वाले अधिकांश पर्यटक ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी का टूर करकर ही लौट जाते हैं। अधिकांश पर्यटक यहां दिन के दिन आकर लौट जाते हैं। अगर ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी के बंद स्मारकों को ही खोल दिया जाए तो उन्हें स्मारक के भ्रमण में अधिक समय लगेगा। इससे वो यहां अन्य स्मारकों को देखने के लिए रात में रुकने को बाध्य होंगे। इससे यहां रात्रि प्रवास बढ़ सकता है, मगर इस पर ना तो सरकार का कोई ध्यान है और ना ही जिम्मेदार विभाग इसके लिए प्रयासरत हैं।

कहां कौन से स्मारक हैं बंद

ताजमहल

-सभी तहखाने पर्यटकों के लिए वर्षों से बंद हैं।

-मुख्य मकबरे में स्थित तहखाने में शाहजहां और मुमताज की कब्रें बंद हैं। इन्हें वर्ष में केवल शाहजहां के उर्स के दौरान तीन दिन खोला जाता है।

-ताजमहल परिसर में दफन शाहजहां की अन्य बेगमों सरहिंदी बेगम, फतेहपुरी बेगम और कंधारी बेगम के मकबरे बंद हैं।

-ताजमहल की चारों मीनारें वर्षों से बंद हैं।

-पश्चिमी गेट स्थित सती उन्निसा का मकबरा बंद है।

-मेहमानखाना में रेलिंग लगाकर पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया गया है।

-पश्चिमी नौबतखाना में म्यूजियम संचालित है, लेकिन पूर्वी नौबतखाना बंद है।

-गोशाला में पर्यटकों का प्रवेश वर्जित है।

आगरा किला

-मुगल बेगमों का हमाम शीश महल।

-मुसम्मन बुर्ज।

-मोती मस्जिद।

-रतनसिंह की हवेली।

-हवा महल।

-मीना बाजार।

-मुगल हमाम।

-आगरा किला का दो-तिहाई भाग सेना के अधिकार क्षेत्र में है। इस क्षेत्र में स्थित दिल्ली दरवाजा, सलीमगढ़ और बीरबल हाउस बंद हैं।

फतेहपुर सीकरी

-हकीम हाउस।

-टर्किश बाथ।

-ख्वाबगाह।

-रंग महल।

-पंचमहल में ऊपरी तल बंद हैं।

-हिरन मीनार।

-जोधाबाई पैलेस में ऊपरी तल बंद है।

-जनानी मस्जिद।

यह भी हैं बंद

-यमुना पार चौबुर्जी पर ताला लगा रहता है।

-रामबाग में तहखाने बंद कर रखे हैं।

-एत्माद्दौला का ऊपरी तल बंद है।

-सिकंदरा में ऊपरी मंजिलें बंद हैं।

आगरा किला का शीश महल पर्यटकों के लिए खोला जाना चाहिए। एएसआइ चाहे तो इसके लिए अलग से टिकट लगा सकता है। यह आगरा किला का सबसे बड़ा आकर्षण बन सकता है, लेकिन एएसआइ ने इसे पर्यटकों के लिए बंद कर रखा है।

-शमसुद्दीन खां, अध्यक्ष एप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन

कोरोना काल में आगरा का पर्यटन ठप है। अगर बंद स्मारकों को खोला जाएगा तो उन्हें देखने के लिए पर्यटक आना पसंद करेंगे। एएसआइ को इस बारे में सोचना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को इस दिशा में उचित प्रयास करने चाहिए, जिससे आगरा का भला हो सके।

-राकेश चौहान, अध्यक्ष होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.