Mining Mafia Attack on Police: सिपाही का हत्यारोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, इंस्पेक्टर के भी पेट में लगी गोली
Mining Mafia Attack on Police सैंया में पुल के नीचे हुई मुठभेड़ पुलिस पर फायरिंग कर हत्यारोपित के दो साथी हुए मौके से फरार। सैंया थाने में तैनात सिपाही सोनू कुमार चौधरी आठ नवंबर को अवैध खनन कर बालू ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली का पीछा कर रहे थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिपाही के हत्यारोपितों से सोमवार देर रात पुलिस की सैंया क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। आमने-सामने की फायरिंग में एक आरोपित के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथी फायरिंग करते हुए भाग निकले। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर सैंया के पेट में गोली लगी है। उन्हेंं भी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
सैंया थाने में तैनात सिपाही सोनू कुमार चौधरी आठ नवंबर को अवैध खनन कर बालू ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली का पीछा कर रहे थे। खेरागढ़ के सोन का बड़ा नगला के पास सोनू कुमार ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की। तभी ट्रैक्टर चालक ने उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। सिपाही की हत्या के बाद आरोपित ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर ही छोड़कर भाग गए थे। ट्रैक्टर के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर पता चला कि ट्रैक्टर राजस्थान के गांव खरगपुर निवासी अनूपन का है। इसे घटना वाले दिन खरगपुर निवासी बबलू चला रहा था। अवैध बालू खनन का पूरा खेल खरगपुर का हेत सिंह चलाता है। उसके कई और साथियों के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिल गई थी। उनकी तलाश में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की टीमें राजस्थान में डेरा जमाए थीं। सोमवार को हेत सिंह अपने साथियों के साथ भरतपुर जा रहा था। सैंया में पुल के नीचे पुलिस ने घेराबंदी कर ली। आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में हेत सिंह के दोनों पैरों में गोली लग गई। वह गिर पड़ा। बदमाशों की फायरिंग में इंस्पेक्टर सैंया प्रदीप पांडेय के पेट में गोली लग गई। क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश सिंह और एसओ बरहन घायल इंस्पेक्टर सैंया को लेकर पहले दिल्ली गेट स्थित अस्पताल गए। वहां से एसएन इमरजेंसी ले जाकर भर्ती करा दिया। उधर, आरोपित को भी जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। मौके से फरार हुए हेत सिंह के दोनों साथियों की तलाश में पुलिस अभी कांबिंग कर रही है।
दो वर्ष पहले पुलिस पर फायरिंग में जेल गया था हेत सिंह
धौलपुर के गांव खरगपुर निवासी हेत सिंह अवैध खनन का सबसे बड़ा खिलाड़ी है। वर्ष 2018 में वह पुलिस पर फायरिंग के मामले में जेल गया था। राजस्थान की सीमा पर बसे गांव में रहकर यह बालू का बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराता है। उप्र में उसके कई सफेदपोशों से संबंध हैं। इसीलिए वह हर बार बच जाता है। उन्हीं की मदद से वह अवैध खनन का खेल खेल रहा है।