Love Jihad Case: दस दिन में 50 जगहों पर दबिश, फिर भी आगरा में पहुंच से दूर आरोपित
Love Jihad Case शाहगंज से 27 जनवरी की रात को युवती को अगवा करके ले गया था। आरोपित के जीजा और दोस्त को जेल भेज चुकी है पुलिस। अब तक 50 जगहों पर दबिश दे चुकी है पुलिसहर बार निकल जाता है हाथ से।
आगरा, जागरण संवाददाता। शाहगंज के लव जिहाद मामले में आरोपित दस दिन बाद भी आरोपित पुलिस की पहुंच से दूर है। इस दौरान पुलिस अागरा, फीरोजाबाद, मथुरा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में 50 से ज्यादा स्थानों पर दबिश दे चुकी है। मगर,आरोपित हर बार पुलिस के पहुंचने से पहले वहां से निकल जाता है।
शाहगंज क्षेत्र निवासी युवती 27 जनवरी की रात को लापता हो गई थी। युवती के पिता ने शाहगंज के सोरों कटरा निवासी सलमान के खिलाफ पुत्री को अगवा करने का मुकदमा दर्ज कराया था। स्वजन और भाजपा युवा माेर्चा ने सलमान और उसके परिवार वालों पर लव जिहाद की साजिश का आरोप लगाया था। बाजार बंद कराने के साथ रूई की मंडी चौराहे पर धरने प्रदर्शन किया था। पुलिस अधिकारियाो द्वारा युवती की शीघ्र बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बाद लोग धरने से उठे थे। पुलिस ने आरोपित के घर पर दबिश दी।वहां आसपास के लोगों से पता चला कि घटना से एक दिन पहले ली आरोपित के माता-पिता परिवार समेत वहां से चले गए थे।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के कई जिलों में दबिश दीं। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि सलमान के लोहामंडी निवासी जीजा मुईन ने उसे शरण दी थी। साजिश में शामिल जीजा को पुलिस ने जेल भेज दिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपित के दोस्त इमरान उर्फ अयान को जेल भेज दिया। उससे सलमान ने युवती को ले जाने से पहले कई बार बात की थीं। मगर, आरोपित पुलिस के हाथ नहीं आया है।
पुलिस ने उसकी तलाश में आसपास के कई जिलों में 50 से ज्यादा जगहों पर दबिश दी। मगर,वह हर बार पुलिस को चकमा देकर उसके पहुंचने से पहले निकल जाता है। पुलिस को आशंका है कि आरोपित की आगरा में कोई परिचित या रिश्तेदार आर्थिक मदद कर रहा है। वह अब आरोपित से जुड़े उसके मददगार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।