कांवड़ और जेहर के अर्पण को जुटे रहे श्रद्धालु
देहात अंचल में महाशिवरात्रि पर्व पर गूंजते रहे शिवालय दर्शन के लिए लगी रही भीड़
जागरण टीम, आगरा: महाशिवरात्रि पर्व पर देहात अंचल में शिवालय गूंजते रहे। बम भोले के जयकारों के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जेहर चढ़ाई। शाम को मंदिरों में भजन-कीर्तन हुए।
फतेहपुर सीकरी: गांव मंडी गुड़ स्थित वनखंडी महादेव मंदिर प्रांगण में मेला आयोजित हुआ। दर्जनों कांवड व जेहर अर्पित की गईं। दूरा गांव में एमबीडी कालेज के प्रबंधक डा. अब्दुल जब्बार कांवड़ लेकर पहुंचे। संतोष नगर की बड़ी और छोटी बगीची स्थित मंदिर पर बम भोले की गूंज रही। जयश्रीराम मंदिर, कोटला मंदिर समेत अन्य शिवालयों में पूजा-अर्चना की गई।
बरहन: खांडा के ऐतिहासिक शिव मंदिर, आंवलखेड़ा, टेहु में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेल पत्र अर्पित किए। बरहन क्षेत्र के मंदिरों में भगवान शिव के जयकारों की गूंज रही। इस दौरान पुलिस मुस्तैद रही।
फतेहाबाद: कस्बे के संकट हरण मंगल करण महादेव मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। देरशाम भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा अर्चना की तथा उन्हें सिघाड़े, बेलपत्र, बेर आदि अर्पित किए। पुरानी तहसील स्थित शिव मंदिर में भी पूजा के लिए भीड़ रही।
पिनाहट: गांव करकौली स्थित महेबा शिव मंदिर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विप्रावली निवासी देवहंस बघेल द्वारा विशाल भंडारा कराया गया। जय बाबा नवलदास मंदिर काकर खेड़ा और पुरा टीकम सिंह मंदिर पर पूजा अर्चना के लिए लाइन लगी रही।
शमसाबाद: वनखंडी महादेव मंदिर पर शिव भक्तों की लंबी कतार रही। उन्होंने विधिविधान से पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। लोगों ने मेले में खूब खरीदारी की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस तैनात रही। 24 अवतारों की कथा सुन श्रद्धालु निहाल
जागरण टीम, आगरा। फतेहाबाद कस्बा स्थित चिंताहरण शिव मंदिर पर आयोजित भागवत कथा के पांचवें दिन गुरुवार को श्रोताओं ने भगवान के 24 अवतारों की कथा सुनीं। कथावाचक ओमकार वशिष्ठ महाराज ने जड़ भरत के नाम की महिमा, प्रहलाद की कथा, राजाबलि आदि की कथा भक्तों सुनाई। राजाबलि के 101 यज्ञ की कथा को झांकियों द्वारा वर्णन किया गया। इस मौके पर महिलाएं भजनों पर झूमती नजर आई। अंतराम वर्मा, शांति स्वरूप महाराज, राकेश गुप्ता, नरेंद्र पाल, रामावतार शर्मा, शैलेश यादव, सीताराम शर्मा, नीलम गुप्ता मौजूद रहे।