पेड़ पर फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल
ताजगंज के गुतिला गांव की घटना दो परिवारों में मचा कोहराम फोरेंसिक टीम ने की जांच खंगाली जा रही काल डिटेल
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज क्षेत्र के गुतिला गांव में शुक्रवार सुबह युवक और युवती के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिले। दोनों के बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। स्वजन भी खुदकुशी करने की बात कह रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की है।
गुतिला गांव में शुक्रवार सुबह छह बजे ग्रामीणों ने एक खेत में खड़े नीम के पेड़ से फंदे पर युवक और युवती के शव लटके देखे। युवक की शिनाख्त गांव के ही रहने वाले 21 वर्षीय गौरव पुत्र बनिया के रूप में हुई। युवती(19 वर्ष) भी उसी के मोहल्ले की रहने वाली थी। सूचना पर स्वजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्वजन से पूछताछ में पता चला कि गौरव और युवती स्कूल में साथ पढ़ते थे, दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहे थे। दोनों की जाति अलग थी। इस कारण दोनों के रिश्ते को कोई स्वीकार नहीं करता। आशंका है कि दोनों ने इसी वजह से खुदकुशी की है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य संकलन कराया गया है। स्वजन से पूछताछ में फिलहाल दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। आशंका है कि दोनों की जाति अलग होने के कारण दोनों का रिश्ता नहीं हो पा रहा होगा। इस कारण ही दोनों ने खुदकुशी कर ली। स्वजन ने भी किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। युवक के मोबाइल की काल डिटेल खंगाली जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना बताया गया है। रात में निकले दोनों घर से:
गौरव और युवती रात में ही किसी समय घर से निकले। स्वजन को रात में इसकी जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस को आशंका है कि गांव में 12 बजे तक जगार होती है। इसके बाद ही दोनों घर से निकले होंगे। घर से साड़ी भी लेकर आए थे। साड़ी युवती के घर की थी। पेड़ की डाली से साड़ी लटकाकर दोनों तरफ फंदा बनाया। गौरव का मोबाइल घर में ही मिला है। वहीं, युवती के पास मोबाइल नहीं था।