Loot in Agra: मागरौल से भी जुड़े हैं आगरा की 11 लाख रुपये की लूट के तार
Loot in Agra रुनकता अंडरपास के करीब 23 अगस्त को सुधीर फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों पर फायरिंग करके बाइक सवार बदमाशों ने 11 लाख रुपये लूटे थे। वारदात के बाद वह मथुरा के बल्देव की ओर भाग गए थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा के रुनकता में 23 अगस्त को पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से 11 लाख रुपये की लूट में शक की सुई मथुरा के गैंग पर है। छानबीन में लूट के तार मागारौल गांव से भी जुड़े होने के सुराग मिले हैं। पुलिस अब मागरौल और आसपास गांव के रहने वाले आपराधिक तत्वों की सूची तैयार कर रही है। जिससे यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय उनकी लोकशन कहां थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को उठाया है।
रुनकता अंडरपास के करीब 23 अगस्त को सुधीर फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों पर फायरिंग करके बाइक सवार बदमाशों ने 11 लाख रुपये लूटे थे। वारदात के बाद वह मथुरा के बल्देव की ओर भाग गए थे। पुलिस को मिले बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वह मथुरा के बताए गए हैं। वहीं, छानबीन के दौरान लूट के तार सिकंदरा के गांव मागरौल व रूनकता से जुड़े होने के सुराग मिले हैं। पुलिस पेट्रोल पंप के पूर्व कर्मचारियों की जानकारी भी जुटा रही है। आशंका है कि किसी पूर्व कर्मचारी या रुनकता व मागरौल के रहने वाले कुछ लोगों द्वारा बदमाशों के लिए रेकी की गई है।