पहले की गाड़ी पंचर फिर लूटा तमंचों के दम पर
आगरा: कासगंज जिले में बदमाश दे रहे हैं एक के बाद एक लूट की घटनाओं को अंजाम। शनिवार सुबह अलीगढ़ के दादों में एक बारात में शामिल होकर लौट रहे बुलेरो सवार लोगों को गाड़ी पंचर कर लूट लिया। मौके पर पुलिस पहुंची।
आगरा(जागरण संवाददाता): पुलिस महकमा चाहे कितना ही मुस्तैद क्यों न हो जाए बदमाश अपने इरादे पूरे कर ही लेते हैं। एक के बाद एक कासगंज जिले में वारदातें हो रही हैं और पुलिस के हाथ से वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश फरार हैं। जिले में कड़ी चौकसी के बाद भी बदमाशों ने सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को फिर से चुनौती दे डाली। अलीगढ़ के दादों से बरात में आए लोगों को लौटते समय शनिवार सुबह चार बजे तमंचे के बल पर लूट लिया। बदमाश नकदी और सामान ले गए हैं। पीड़ितों में एक सिपाही भी बताया गया है।
अलीगढ़ के थाना दादों के गाव भमोरी खुर्द के रहने वाले राजेद्र सिंह पुत्र रामचरन साथियों के साथ शुक्रवार को थाना सिढ़पुरा क्षेत्र में बरात में आए थे। शनिवार भोर में करीब दस लोग वाहन में सवार होकर गाव के लिए लौट रहे थे। सिढ़पुरा के गाव अंगदपुर के पास अचानक उनकी बोलेरो पंचर हो गई। इसके बाद सभी स्टेपनी बदलवाने को जुट गए। इसी दौरान झाड़ियों से तमंचा लेकर निकले तीन बदमाशों ने उनको निशाने पर लेकर लूटपाट शुरू कर दी। बदमाश राजेंद्र से सोनाटा घड़ी और 8500 रुपये और अन्य लोगों से हजारों की नकदी लेकर भाग गए। पीड़ितों में मुन्नालाल, चंदन, अभिलाष, राजू, श्योराज, विजयपाल, विनोद और अन्य हैं। लूट के शिकार लोगों में एक पुलिसकर्मी भी बताया गया है। सूचना पर डायल सौ के आने से पहले ही बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस तहरीर मिलने के बाद से जाच में जुटी है। बता दें कि जिले में गुरुवार की रात हुई डकैती और तीन हत्याओं के बाद अगले ही दिन फिर से लूट की घटना हुई है।