कलक्ट्रेट में तैयारियां पूरी, आज और कल खूब होंगे नामांकन
-सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होगी नामांकन प्रक्रिया भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने किए इंतजाम
आगरा, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण के नामांकन सोमवार और मंगलवार को नामांकन होंगे। दोनों दिन प्रत्याशियों और पर्चा खरीदने वालों की भीड़ उमड़ने से प्रशासन की भी अग्नि परीक्षा होगी। अब तक केवल एक ही प्रत्याशी द्वारा फतेहपुर सीकरी से नामांकन किया गया है।
आगरा सुरक्षित और फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 18 अप्रैल को मतदान होना है। होली की छुट्टियों के चलते इस बार प्रत्याशियों को नामांकन के लिए चार ही दिन मिले हैं। आगरा सुरक्षित के नामांकन एडीएम सिटी कोर्ट कक्ष व फतेहपुर सीकरी के नामांकन डीएम कोर्ट कक्ष में होंगे। सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही उसे खरीदने वाले भी कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। इसके चलते डायस पर अलग से नामांकन पत्रों की बिक्री की व्यवस्था की जा रही है। कलक्ट्रेट में रिजर्व मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। अब तक केवल फतेहपुर सीकरी से राष्ट्रीय शोषित पार्टी के विजय सिंह बघेल ने नामांकन किया है। आगरा से 32 और फतेहपुर सीकरी से 47 पर्चे खरीदे गए हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रमेशचंद्र ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे से माइक पर घोषणा शुरू कर दी जाएगी। प्रत्याशियों को समझाया जाएगा कि वो रिटर्निग ऑफिसर (आरओ) के कक्ष में प्रवेश कर लें। तीन बजे तक आरओ कक्ष में प्रवेश करने वाले प्रत्याशियों का पर्चा अवश्य दाखिल किया जाएगा। तीन बजे दोनों कोर्ट के द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
दस्तावेज लेकर पहुंचें
प्रत्याशियों केा नामांकन पत्र से संबंधित दस्तावेज प्रत्याशी को अपने साथ रखने होंगे। प्रस्तावकों का भी उनके साथ होना जरूरी है। दस्तावेज कम पड़ते पर वो नामांकन दाखिल नहीं कर सकेंगे।
अवकाश के दिन खुले कार्यालय
नगर निगम, जल संस्थान सहित अन्य सरकारी कार्यालय रविवार को अवकाश के दिन भी खुले। इन कार्यालयों से नो-ड्यूज सर्टिफिकेट जारी किए गए। प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट मिलने में दिक्कत नहीं आए, इसीलिए ऐसा किया गया।
राज बब्बर आज करेंगे नामांकन
आगरा: फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर और आगरा सुरक्षित से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीता हरित सोमवार को नामांकन करेंगी। प्रदेश अध्यक्ष दोपहर 12 बजे दयालबाग स्थित अपनी कोठी पर पार्टी कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय लोगों से मिलेंगे। दोपहर 2:30 बजे वो नामांकन के लिए सादगी से कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। आगरा सुरक्षित से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीता हरित सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच नामांकन को कलक्ट्रेट पहुंचेंगी। वो कलक्ट्रेट के नजदीक स्थित कार्यवाहक शहर अध्यक्ष हाजी जमीलुद्दीन के कार्यालय से नामांकन को जाएंगी।