Lockdown 3.0: शहर के ये दो क्षेत्र बनाए गए मॉडल HotSpot, अब ये होंगे खास इंतजाम
नोडल अधिकारी आलोक कुमार ने अधीनस्थाें के साथ लिया जायजा। मॉडल हाॅट स्पॉट पर अधिकारियों और कोरोना फाइटर्स के बैठने का होगा इंतजाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। हॉट स्पॉट को लेकर पुलिस अब कोई रियायत देने के मूड़ में नहीं है। यहां रहने वाला कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं जा सकेगा।वहीं प्रशासन ने शहर में दो मॉडल हॉट स्पॉट बनाए गए हैं।यहां तैनात पुलिसकर्मियों, कोरोना फाइटर्स के अलावा अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।इसके लिए टैंट लगाया गया है। टैंट में कूलर लगा है।इसके साथ ही गर्म पानी, चाय और नाश्ते का भी इंतजाम किया गया है।
गुरुवार को आगरा के नोछल अधिकारी प्रमुख सचिव अवस्थापना आलोक कुमार, एडीजी अजय आनंद, लखनऊ की टीम के साथ आए आइजी विजय प्रकाश, डीएम पीएन सिंह, एसएसपी बबलू कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने मॉडल हॉट स्पॉट वजीरपुरा का निरीक्षण किया। हॉट स्पॉट इलाकों में आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित है।दोनों मॉडल हॉट स्पॉट पर मोहल्ले के लोगों को सुविधा देने के लिए कर्मचारी लगाए हैं। जोकि पीपीई किट पहनकर ही जाएंगे। साफ-सफाई से लेकर राशन उपलब्ध कराने वाले भी किट पहनकर रहेंगे। हॉट स्पाॅट में रहने वाला कोई भी कर्मचारी नौकरी पर नहीं जा सकेगा। फिर चाहे वह सरकारी या प्राइवेट किसी भी विभाग में काम करता हो।
अधिकारियों ने हॉट स्पॉट एरिया की गई नाकाबंदी का भी जायजा लिया। एसएसपी बबलू कुमार ने नोडल अधिकारियों को बताया कि हॉट स्पॉट एरिया में आवागमन का एक ही रास्ता रखा गया है। वहां तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं जाएगा।
शहर में हैं 30 हॉट स्पॉट
शहर में 30 हाट स्पाट हैं।इनमें वजीरपुरा, कौशलपुर, गांधी नगर, कमला नगर, खंदारी क्षेत्र, भगवान टॉकीज, नगला पदी, नगला बूढ़ी, दयालबाग, मंटोला ढोलीखार, एसएन मेडकिल कॉलेज,खटीकपाड़ा, ट्रांस यमुना कालोनी, सीता नगर, रामबाग, गोकुल नगर, नरायच, टेढ़ी बगिया, शाहदरा, सुशील नगर, मेहताब बाग,बाग मुजफ्फर खां, छत्ता क्षेत्र, धूलियागंज, फ्रीगंज, जीवनी मंडी, मदारी गेट, पथवारी,तोपखाना, नाई की मंडी, लेडी लायल, गोकुलपुरा, बलका बस्ती, आजमपाड़ा, रामनगर, पृथ्वीनाथ फाटक, ग्यासपुरा, आवास विकास, जगदीशपुरा, मदिया कटरा, सिकंदरा सब्जी मंडी, ककरैठा, शाहगंज, नामनेर, छीपीटोला, बालूगंज, विभव नगर, ताजगंज गढ़इया, नौलक्खा हैं।