Lockdown 3.0: मामूली बात चले ईंट- पत्थर तो दौड़ पड़ा फोर्स, वीडियो हुआ वायरल
बच्चे की साइकिल टकराने पर दो पक्ष भिड़े। शाहगंज के ख्वासपुरा का मामला तीन लोग घायल दो समुदाय का मामला होने पर दौड़ा फोर्स साेशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो।
आगरा, जागरण संवाददाता। शाहगंज के ख्वासपुरा में शनिवार को बच्चे की साइकिल टकराने पर बड़े आपस में भिड़ गए। उनके बीच मारपीट और पथराव से बस्ती में अफरातफरी मच गयी। मामला दो समुदायों का होने के चलते थाने का फोर्स मौके पर दौड़ पड़ा। पथराव में तीन लोग घायल हो गए। पथराव का लाइव वीडियाे सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
घटना शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे की है। दौलत पक्ष का दस वर्षीय बच्चा गली में साइकिल से सामान लेने जा रहा था। बालक की साइकिल गली में सामने से आते जफर से टकरा गयी। इस पर जफर ने उसे चांटा मार दिया।बालक ने इसकी शिकायत घर जाकर परिवार के लोगों से कर दी। दौलत पक्ष के लोगों ने जफर के पास जाकर इसका विरोध किया।
इसे लेकर दोनों पक्षों में हुई कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया। दोनों पक्ष के लोग आमने- सामने आ गए। उनके बीच पथराव शुरू हो गया। इससे बस्ती में अफरातफरी और दहशत फैल गयी। दोनों ओर से काफी देर तक पथराव होता रहा। जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गयी। बच्चों का मामला होने के कारण बस्ती के बुजुर्ग लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया। इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह राघव के अनुसार दोनों पक्ष मे राजीनामा हो गया।