Breaking: फतेहपुरसीकरी में बुलंद दरवाजा के पास गिरी आकाशीय बिजली, दो पर्यटक घायल
फतेहपुर सीकरी स्मारक में रविवार शाम तेज बारिश और आंधी के दौरान हादसा। पर्यटकों में मची चीखपुकार घायलों को ले जाया गया अस्पताल आगरा रेफर। लंगरखाना को पहुंची है क्षति। पांच छज्जे गिरे हैं बिजली की चपेट में आने से। एएसआइ सोमवार को करेगा नुकसान का आकलन।
आगरा, जेएनएन। अचानक मौसम में आए बदलाव के बाद तेज बारिश और बिजली गिरने से विश्व धरोहर स्मारक बुलंद दरवाजा के समीप लंगरखाना के पांच छज्जे भरभराकर गिर पड़े। हादसे में स्मारक घूमने आए दो पर्यटक घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर किया गया है।
शहंशाह अकबर की राजधानी रही फतेहपुर सीकरी में विश्व धरोहर स्मारक बुलंद दरवाजा और संरक्षित भवन सदियों से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहे हैं। यहां बड़ी संख्या में पर्यटकों का आना होता है। रविवार शाम 5:30 बजे धूल भरी आंधी चली। इसके बाद तेज बारिश होने लगी। पर्यटकों के मुताबिक तभी लंगर खाना स्मारक के छज्जों पर बिजली गिर पड़ी। इससे छज्जे भरभराकर नीचे गिर पड़े। इससे वहां मौजूद पर्यटकों में चीखपुकार मच गई। छज्जा गिरने से स्मारक घूमने आए 16 वर्षीय अलीम और 20 वर्षीय फुरकान निवासीगण खंदौली घायल हो गए। एएसआइ के अधिकारियों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। वरिष्ठ संरक्षक सहायक कलंदर ने कहा कि बिजली गिरने से पांच छज्जों को नुकसान पहुंचा है। जल्द ही नुकसान का आकलन कर नए छज्जे लगवाए जाएंगे।