देर रात बदमाशों से मुठभेड़, मथुरा से अगवा छात्र को पुलिस ने सकुशल मुक्त कराया
सीए की तैयारी कर रहे छात्र को कोचिंग के पास से किया गया था अगवा। बदमाशों ने मांगी थी एक करोड़ रुपये की फिरौती। अगवा करने वाला गैंग अलीगढ़ का है। अलीगढ़ के बदमाश शोभित चौहान को टैंक चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। अभी एक बदमाश फरार है।
आगरा, जेएनएन। मथुरा में थाना जमुना पार क्षेत्र में देर रात को पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में अगवा किये छात्र को सकुशल मुक्त करा लिया गया। एक बदमाश भी गोली लगने से घायल हुआ है। उसका एक साथी फरार हो गया। एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है।
रामलीला मैदान के पीछे गोविंद नगर निवासी गंतव्य अग्रवाल शुक्रवार को राधिका विहार में कोचिंग के लिए गया था। वह सीए की तैयारी कर रहा था। उसकी स्कूटी ब्रजवासी रॉयल के सामने खड़ी मिली थी। यहां से उसको अगवा कर लिया गया था। एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने रात को मुठभेड़ में बदमाशों से गंतव्य अग्रवाल को मुक्त करा लिया। पुलिस की गोली लगने से शिवा उर्फ शिव कुमार निवासी त्रिमूर्ति नगर थाना बन्ना देवी अलीगढ़ घायल हुआ है। अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क के गांव सिसिया निवासी शोभित चौहान को टैंक चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। अभी एक बदमाश फरार है। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बताया कि अगवा किया गए युवक के स्वजन से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इसको पुलिस ने गंभीरता से लिया। बदमाशों की लोकेशन अलीगढ़ में मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश अलीगढ़ क्षेत्र से वापस मथुरा की ओर भाग निकले। यमुना के नए और पुराने पुल के बीच तिवारीपुरम में पुलिस और बदमाशोंं का आमना सामना हो गया था।