Family Counselling: आगरा में सात फेरे लेने के 14 दिन बाद ही पत्नी निकालने लगी खोट, पति के दिल को लगी चोट तो पुलिस तक पहुंच गया मामला
Family Counselling आगरा की युवती ने बदायूं के युवक से किया था विवाह। मायके लौटने के बाद पति पर लगाया था दस लाख रुपये मांगने का आरोप। पुलिस ने नवदंपती में सुलह को परिवार परामर्श केंद्र भेजा मामला।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा की युवती ने बदायूं के युवक सात फेरे लेने के 14 दिन बाद ही पति के हर काम में खोट निकालना शुरू कर दिया। उसकी हर बात में नुक्स निकाल देती। सात फेरे लेने के बाद 14 दिन बाद ही पत्नी के इस तरह व्यवहार से पति अवाक रह गया। उसने कुछ समय तक पत्नी की अादत को यह सोचकर अनदेखा कर दिया कि शायद कुछ समय बाद उसके व्यवहार में बदलाव आ जाए। मगर, पत्नी में सुधार की जगह खोट निकालने की आदत बढ़ने से पति आहत हो गया। उसके दिल पर चोट लगी तो उसने पत्नी से इसका विरोध किया तो वह मायके चली आई। यहां थाने में पति पर दहेज में दस लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया।
मामले के अनुसार बदायूं के रहने वाले युवक की शादी आगरा की युवती से हुई थी। शादी के दो सप्ताह बाद उनमें अनबन शुरू हो गई। पत्नी के व्यवहार में आए बदलाव से पति परेशान हो गया। उनके बीच रार बढ़ने पर पत्नी मायके चली आई। यहां पति पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत कर दी। मामला काउंसलर के पास भेजा गया। पत्नी ने काउंसलर के सामने पति पर आरोप था कि वह दहेज मांगता है। वहीं पति का कहना था कि पत्नी गलत आरोप लगा रही है। वह पत्नी को साथ रखना चाहता है। मगर, मायके वाले उसे भड़का रहे हैं। पति ने पुलिस को मायके वालों की चैट भी दिखाई।इसमें मायके वाले उसकी पत्नी को भड़काने वाली बातें लिख रहे थे। पति का कहना था कि वह अपनी गृहस्थी बसाना चाहता है।
पत्नी को अपने साथ रखना चाहता है। वह उसकी कोई भी बात मानने को तैयार है। वहीं पत्नी का आरोप था कि पति उसका मानसिक उत्पीड़न करता है।काउंसलर ने दोनाें को समझाने का प्रयास किया। मगर, उनके बीच में बात नहीं बनी। दोनों के बीच सुलह नहीं होने पर काउंसलर ने अब उन्हें अगली तारीख पर बुलाया है।