आगरा के नेमिनाथ अस्पताल में सजा कीर्तन दरबार, कोरोना से मुक्ति को अरदास
सुखमनी सेवा सभा ने की अरदास। डा. प्रदीप गुप्ता की पहल पर आयोजित इस कीर्तन दरबार में वीर महेंद्र पाल सिंह ने भगत कबीर की बानी राम जपो जी ऐसे ध्रुव प्रहलाद जपयो हर जैसे का गायन किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। नेमिनाथ होम्योपैथिक एवं आर्युवेदिक मेडिकल कालेज में सुखमनी सेवा सभा द्वारा कीर्तन दरबार सजाया गया। कोरोना से मुक्ति की अरदास की गइ।
डा. प्रदीप गुप्ता की पहल पर आयोजित इस कीर्तन दरबार में वीर महेंद्र पाल सिंह ने भगत कबीर की बानी राम जपो जी ऐसे, ध्रुव प्रहलाद जपयो हर जैसे का गायन किया। उन्होंने अरदास रूप में शबद करो किरपा गोपाल गोविन्दे का गायन किया। अंत में गुरु गोविंद सिंह की रचना देह शिवा बर मोहे शुभ करमन ते कबहू न टरों’ का गायन किया। संगत ने जो बोले सो निहाल के जयकारे भी लगाए। उसके बाद हास्पिटल परिसर में ही आरएसएस रामबाग जिला के एत्मादपुर खंड ने कोरोना से मुक्ति हेतु हवन किया।
सुखमनी सेवा सभा ने डा. प्रदीप गुप्ता व उनकी धर्मपत्नी सीमा जैन का सम्मान किया। विधायक रामप्रताप सिंह चौहान, अस्पताल के प्रबंधक दीपेश गुप्ता, क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अशोक गोयल, आत्मनिर्भर-एक प्रयास संस्था के अध्यक्ष राजेश खुराना, डा. भानु प्रताप सिंह, विवेक जैन, आशीष पाराशर, दीपक राज, रंजीत गुप्ता को भी सम्मानित किया। वीर महेंद्र पाल सिंह का सम्मान राजेश खुराना व डा. प्रदीप गुप्ता ने किया। इस दौरान महामंडलेश्वर नवल गिरि महाराज (वृंदावन), विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज कुमार, डा. प्रखर गुप्ता, गुरमीत सेठी, डा. रितु गुप्ता, डा. सौरभ गुप्ता, डा. दीप्ति गुप्ता आदि उपस्थित रहे।