Table Tennis: आगरा में बनेगा टेबल टेनिस का खेलो इंडिया सेंटर, जानिए क्या होगी खास बात
Table Tennis खेल मंत्रालय द्वारा एक जिला एक खेल योजना में किया गया है चयन। अगले दो ओलिंपिक खेलों को ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को करेंगे तैयार। आगरा में एकलव्य स्टेडियम का टेबल टेनिस हाल प्रदेश में बेहतरीन है। यहां छात्रावास भी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। एक जिला एक खेल योजना में ताजनगरी में टेबल टेनिस को चुना गया है। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित टेबल टेनिस हाल को खेलो इंडिया सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां वर्ष 2024 और 2028 के ओलिंपिक को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा। इसके लिए अलग से एक कोच भी तैनात किया जाएगा।
भारतीय खेल प्राधिकारण (साई)/खेल मंत्रालय द्वारा पिछले वर्ष एक जिला एक खेल योजना में ओलिंपिक से संबंधित खेलों के सेंटर खोलने को आवेदन मांगे गए थे। आगरा में टेबल टेनिस का खेलो इंडिया सेंटर खोलने काे प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर खेल मंत्रालय ने सहमति प्रदान कर दी है। आगरा में एकलव्य स्टेडियम का टेबल टेनिस हाल प्रदेश में बेहतरीन है। यहां छात्रावास भी है। यहां के खिलाड़ियों द्वारा राज्य स्तर पर अच्छा प्रदर्शन भी किया जाता रहा है, लेकिन कुछ समय से गाजियाबाद के खिलाड़ी दबदबा बना रहे हैं। खेलो इंडिया सेंटर बनने से एक बार फिर आगरा में टेबल टेनिस के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुनीलचंद्र जोशी ने बताया कि खेलो इंडिया सेंटर में कोच की तैनाती अलग से होगी। अभी इसकी विस्तृत गाइडलाइन आने का इंतजार किया जा रहा है।