अयोध्या में सरयू के तट पर हुआ आगरा के जूली और सार्थक का अंतिम संस्कार
रविवार को बरामद हो गया था सार्थक का शव परिवार पर टूटा गम का पहाड़। आइजी एसएसपी सांसद विधायक और व्यापारी नेता पहुंचे सांत्वना देने पहुंचे। शास्त्रीपुरम ए-ब्लाक के रहने वाले अशोक गोयल गुरुवार की शाम को श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या गए थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा के शास्त्रीपुरम के रहने वाले अशोक गोयल की बेटी जूली और नाती सोमवार को सरयू नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया गया। जूली का शव शनिवार और उनके बेटे सार्थक का शव रविवार को सरयू नदी से बरामद कर लिया गया था। वहीं परिवार के नौ लोगों को एक साथ गंवाने वाले अशोक गोयल के घर पर सोमवार अधिकारी, राजनीतिक और व्यापारी नेता सांत्वना देने पहुुंचे।
शास्त्रीपुरम ए-ब्लाक के रहने वाले आढ़ती एवं दोने पत्तल का थोक काम करने वाले अशोक गोयल गुरुवार की शाम को श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या गए थे। शुक्रवार को सरयू नदी में परिवार के 15 लोग डूब गए। जिसमें उनकी पत्नी राजकुमारी, बेटे ललित, पंकज, बेटी जूली, सीता, नातिन श्रृति, दृष्टि, प्रियांशी, सार्थक की डूबने से मौत हो गई थी। रेस्क्यू टीम ने सभी के शवों को सरयू से खोज निकाला। जूली और सार्थक को छोड़कर बाकी सातों लोगों का अंतिम संस्कार आगरा में किया गया। जबकि जूली और उनके बेटे सार्थक का शव सबसे बाद में बरामद किया गया। इसके चलते वहां मौजूद स्वजन ने सोमवार को वहीं पर उसका अंतिम संस्कार करने का फैसला किया।
सोमवार को अशोक गोयल के आवास पर सांसद राजकुमार चाहर अाइजी रेंज नवीन अरोडा एसएसपी मुनिराज, विधायक हेमलता दिवाकर, व्यापाारी नेता मुरारी लाल फतेहपुरिया, केदारनाथ, टीएन अग्रवाल, विनोद बंसल, कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह समेत विभिन्न संगठनों के लाेग पहुंचे।