ISBT Flyover Agra: फिर आगे बढ़ गई आगरा में आइएसबीटी फ्लाईओवर चालू होने की तारीख
अब अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से चालू होगा आइएसबीटी फ्लाईओवर। दोनों तरफ की अप्रोच रोड बनाने का काम हुआ पूरा पुल से अप्रोच रोड को जोड़ना रह गया बाकी। 32 करोड़ रुपये से बन रहा है फ्लाईओवर आइएसबीटी के सामने नहीं लगेगा जाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड के अफसरों की लचर कार्यशैली के चलते आइएसबीटी फ्लाईओवर एक माह की देरी से चालू होगा। 15 सितंबर के बदले अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से फ्लाईओवर से वाहन चालक फर्राटा भर सकेंगे। आइएसबीटी के सामने जाम की समस्या को खत्म करने के लिए 32 करोड़ रुपये से फ्लाईओवर बन रहा है। दोनों तरफ की अप्रोच रोड बन चुकी है जबकि पुल से अप्रोच रोड को जोड़ना बाकी रह गया है। सितंबर से पहले इसके जुलाई में आरंभ होने की तारीख दी गई थी। अब भी यहां काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। वाहन चालकों को एक छोटा सा टुकड़ा पार करने में आधा घंटे तक का समय लग रहा है।
नहीं तैनात किए गए मार्शल : आइएसबीटी के सामने नेशनल हाईवे-19 की सर्विस रोड संकरी हो गई है। हर दिन जाम लगता है लेकिन इसके बाद भी एनएचएआइ मथुरा खंड की टीम द्वारा मार्शल तैनात नहीं किए गए हैं।
संरक्षा के भी नहीं हैं इंतजाम : आइएसबीटी के सामने हाईवे के दोनों ओर संरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। बीस-बीस मीटर की दूरी पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का बोर्ड नहीं लगा है। बदहाल सर्विस रोड का पुर्ननिर्माण नही किया गया है, जिस कारण यहां वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आइएसबीटी फ्लाईओवर चालू होगा। पूर्व में यह 15 सितंबर तक चालू होना था।
सचिन कुमार, परियोजना निदेशक एनएचएआइ मथुरा खंड