Gold Price Hike: निवेश के लिए सोना बना सबसे सोणा, दीवाली तक आएगा और उछाल
50 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब दाम पहुंचने के बाद निवेश के लिए खरीद रहे सोना। दीवाली तक सोने के दामों में और तेजी आने की उम्मीद से कर रहे खरीदारी।
आगरा, गौरव भारद्वाज। कोरोना संक्रमण के दौर में सोने की चमक लगातार निखर रही है। सोने की कीमत 50 हजार के पास तक पहुंच गई है। आने वाले समय में सोने की कीमत और बढ़ने की उम्मीद के साथ लोग इस समय निवेश के लिए खरीदारी करने का सही समय मान रहे हैं। शोरूम और दुकानों से आम दुकानदार नदारद है। ज्वेलरी की बजाय गोल्ड बिस्किट और कॉइन की डिमांड है।
कोरोना लॉकडाउन में सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होती गई है। अब तो सोना 50 हजारी होने को बेताब है। बुधवार को आगरा में सोने की कीमत 49167 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। सराफा बाजार के विशेषज्ञों की मानें तो यह कीमत अभी थमती नजर नहीं आ रही हैं। जल्द ही सोना 50 हजार के पार होगा। उनका कहना है कि सोने के दाम में तेजी का कारण विश्व में फैली कोरोना महामारी के चलते गिरती अर्थव्यवस्था है और इसका असर सोने की कीमत पर पड़ा है। व्यापारियों के अनुसार सोने के दाम बढ़ने की सबसे बड़ी वजह कोरोना महामारी, भारत-चीन विवाद और अमेरिकी बैंक फेडरल रिजर्व बैंक द्वारा 2022 तक ब्याज दरें न बढ़ाने का फैसला है। उच्च वर्ग सोने को सबसे अच्छा निवेश मान रहा है। इसके लिए सोने की खरीदारी कर रहे हैं। आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल का कहना है कि बाजार की स्थिति देखते हुए आने वाले समय में सोने की कीमत और बढ़ सकती हैं, ऐसे में निवेशकों के लिए सोना पहली पसंद बन गया है। बहुत बड़ी बात नहीं दीवाली तक सोने की कीमत नया रिकॉर्ड बना दें।
केवल शादी वाले कर रहे खरीदारी
बाजार में सोने की बढ़ती कीमत का असर दिखाई दे रहा है। जिनके घर में शादियां हैं, वो ही सोने की खरीदारी कर रहे हैं। चौबेजी के फाटक स्थित सराफ रिंकू बंसल ने बताया कि बाजार में सोने के जेवरात की डिमांड है। शादी के लिए खरीदारी करने वालों को बढ़ते रेट का बहुत ज्यादा असर नहीं है। हालांकि बाजार में नए स्टॉक न होने का असर जरूर पड़ रहा है।
चांदी ने भी दिखाई तेजी
आगरा में चांदी का बड़ा काम है। ऐसे में बुधवार को चांदी के दाम में तेजी देखने को मिली। चांदी भी 49 हजार रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। चांदी के दाम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में इसका असर बाजार में भी देखने को मिल रहा है। शादी की जरूरत वाले चांदी का सामान लेने वाले ही शोरूम और सराफ की दुकानों में दिखाई दे रहे हैं।
15 करोड़ का टर्न ओवर
आगरा में सोने का हर दिन करीब 15 करोड़ रुपये का व्यापार होने का अनुमान है। इसी तरह चांदी 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का व्यापार होता है। दाम बढ़ने से सोने पर असर दिखाई दिया है।