Virtual Christmas Celebration: कैरल्स पर शास्त्रीय नृत्य, देशी− विदेशी कलाकारों ने मनाया अनूठा क्रिसमस
Virtual Christmas Celebration देश-विदेश के नन्हे कलाकारों ने कथक से किया यीशु मसीह का स्वागत। प्रतियोगिता का आयोजन आरंगम नृत्य कला संस्थान ने किया। आगरा लंदन और अमेरिका के नन्हे शास्त्रीय नृत्यकारों ने क्रिसमस कैरल्स पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
आगरा, जागरण संवाददाता। प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन पर शनिवार को अंतरराष्ट्रीय शास्त्रीय नृत्य आनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आगरा, लंदन और अमेरिका के नन्हे शास्त्रीय नृत्यकारों ने क्रिसमस कैरल्स पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता का आयोजन आरंगम नृत्य कला संस्थान ने किया। संस्था निदेशक पूजा गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में पांच से 15 साल तक के 35 से अधिक शास्त्रीय नृत्य कलाकारों ने प्रतिभाग किया। खास बात यह रही कि इंग्लैंड और अमेरिका में शास्त्रीय नृत्य सीखने वाले नन्हे कलाकारों ने प्रभु यीशु मसीह के भजनों पर कथक की प्रस्तुति दी।
यह रहा आकर्षण
आगरा की श्रेया जैन, वंशिका गुप्ता, पल गुप्ता व रिया गुप्ता ने स्केट्स पर शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने खूब सराहा। वहीं प्रीशा अग्रवाल, पावनी अग्रवाल, मायरा गुप्ता, इनाया गर्ग, हिती अग्रवाल ने भी मनमोहक प्रस्तुति दी। यूएसए से आल्या सिंघल, वीर्षा शर्मा, द्रती ने शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं लंदन से काशवी जैन, लोलाक्षी जैन और पार्थ सक्सेना ने क्रिसमस कैरल्स पर गीत गाकर और शास्त्रीय नृत्य कर प्रतिभाग किया। संचालन महक अग्रवाल ने किया।बतौर मुख्य अतिथि कर्नल डा. सीके सिंह, सरोज प्रशांत व केतुल गुप्ता मौजूद रहे।