दारोगा की दबंगई, भाजपा जिलाध्यक्ष के भतीजे को पीटा, मामला पहुंचा थाने Agra News
चार दिन पहले भाजपा जिलाध्यक्ष के भतीजे से हुआ था विवाद शनिवार को की मारपीट। दारोगा और उसके दो बेटों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा अलीगढ़ में तैनात है दारोगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात दारोगा ने न्यू आगरा क्षेत्र में दबंगई की। चार दिन पहले भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह के भतीजे से हुए विवाद के बाद शनिवार को उसने मारपीट की। इस मामले में दारोगा और उसके दो बेटों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज हुआ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह के भाई राजेंद्र कुशवाह न्यू आगरा क्षेत्र के नगला पदी में रहते हैं। उनके घर के पास ही अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात दारोगा प्रवीन धाकरे का घर है। 14 जनवरी को दारोगा का राजेंद्र कुशवाह के बेटे रोनित से विवाद हुआ था। रोनित का आरोप है कि दारोगा नशे में उनसे गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर वह मारपीट करने पर उतारू हो गया। वहां मौजूद लोगों ने उस दिन मामला शांत करा दिया। शनिवार शाम को रोनित अकेला बाजार से घर जा रहा था। तभी दारोगा और उसके दो बेटों ने उसको पकड़ लिया। उसके साथ जमकर मारपीट की। इसमें वह चोटिल हो गया। परिवार के लोग पहुंच गए। क्षेत्रीय लोगों ने मामला शांत कराया। शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई और उनके भतीजे न्यू आगरा थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने रोनित का मेडिकल कराया। इसके बाद उनकी तहरीर पर दारोगा प्रवीन धाकरे और उसके बेटे रोबिन और हर्ष के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर न्यू आगरा उमेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कई घंटे तक थाने पर लगा रही भीड़
भाजपा जिलाध्यक्ष के भतीजे से मारपीट की घटना के बाद भाजपाई और क्षेत्रीय लोग थाने पहुंच गए। देर शाम तक सभी थाने पर डटे रहे। उनका कहना था कि दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपित दारोगा और उसके बेटों के खिलाफ जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।