चित्राहाट का जवान आतंकी मुठभेड़ में घायल
आपरेशन के दौरान एक आतंकी को मार गिराया घायल जवान का सेना के अस्पताल में चल रहा इलाज
जागरण टीम, आगरा। शोपियां में हुई आतंकी मुठभेड़ में चित्राहाट के मलिया खेड़ा के जवान घायल हो गए। उनका सेना के अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। मुठभेड़ के दौरान वीर सपूत ने एक आतंकी को भी मार गिराया। मलिया खेड़ा के लोग उनकी वीरता के किस्से सुना रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्हें गर्व है कि ऐसी माटी के लाल के साथ उन्हें बचपन में खेलने का अवसर मिला।
चित्राहाट के गांव मलियाखेड़ा निवासी 29 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र राजपति सिंह सेना में जवान हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती श्रीनगर में है। मलिया खेड़ा के ग्रामीण दलवीर सिंह, बीपी गुर्जर ने बताया कि बीते शुक्रवार की रात वे गश्त पर थे। उनकी बटालियन को खबर मिली कि शोपियां में एक गांव में कुछ आतंकी छिपे हैं। इस पर जितेंद्र और उनके दो साथी जवानों ने जान की परवाह न करते हुए गांव की घेराबंदी कर ली। अचानक एक मकान की छत से गोलीबारी शुरू हो गई। एक गोली जितेंद्र के पेट में लगी और वह लहूलुहान हो गए। इसके बावजूद उन्होंने एक आतंकी को मार गिराया। साथी जवानों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। घर में मां गुड्डी देवी समेत अन्य स्वजन उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना में कर रहे हैं। पिता राजपति सिंह के मुताबिक जितेंद्र 10 दिन पहले ही अवकाश समाप्त कर ड्यूटी पर गए थे। दो बच्चों में बेटा अवि गुर्जर ढाई वर्ष का है, जबकि 15 दिन की बेटी है। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें फख्र है कि उनके गांव का लाल सरहद पर दुश्मनों के छक्के छुड़ा रहा है।