CTET Paper Leaked: सीटेट पेपर लीक मामले में अभ्यर्थियों से आगे नहीं बढ़ पा रही है पुलिस
CTET Paper Leaked अभी तक जेल भेजे गए आरोपितों में से अधिकतर हैं अभ्यर्थी। न साल्वर गैंग का सुराग मिला और न ही पेपर लीक करने वालों का। जेल भेजे गए आरोपितों के मोबाइल पर परीक्षा से पहले सीटेट का पेपर आया था। इसके बाद उन्होंने पेपर वायरल कर दिया।
आगरा, जागरण संवाददाता। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) का पेपर लीक मामले में पुलिस अभ्यर्थियों से आगे नहीं बढ़ पा रही है। अभी तक 13 आरोपितों को पुलिस जेल भेज चुकी है। इनमें एक कोचिंग संचालक और एक शिक्षक के अलावा सभी अभ्यर्थी थे। पांच जिलों में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इसके बाद भी पेपर लीक करने वाले और साल्वर गैंग के सदस्यों की जानकारी करने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। अब पुलिस कुछ कालेजों में जाकर पेपर लीक मामले में जानकारी कर रही है।
सीटेट का साल्वड पेपर लीक करने के मामले में पुलिस ने दो फरवरी को एपेक्स कोचिंग के संचालक विकास शर्मा, शिक्षक प्रभात, छात्र कुलदीप फौजदार, थान सिंह और मोहित यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इनसे पूछताछ में पता चला कि मोहित को पेपर प्रतापगढ़ के विकास यादव ने वाट्सएप किया था। पुलिस ने प्रतापगढ़ के विकास यादव और भदोही के अमर साहनी को गिरफ्तार किया। इसके बाद एटा के अलीगंज से पुलिस ने अमनराज, सुमित और डिंपल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद भी पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपित का पता नहीं चला। मैनपुरी, कन्नौज और एटा के तीन आरोपितों को और पकड़ा गया। अब तक जेल भेजे गए आरोपितों से कड़ियां जोड़कर पुलिस मुख्य आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मगर, पुलिस इन कड़ियों को जोड़ पाने में सफल नहीं हो रही। जेल भेजे गए आरोपितों के मोबाइल पर परीक्षा से पहले सीटेट का पेपर आया था। इसके बाद उन्होंने पेपर वायरल कर दिया। सबसे पहले पेपर किसने लीक किया? किस परीक्षा केंद्र से लीक हुआ? पेपर किसने साल्व करके आगे बढ़ाया? यह अभी तक पता नहीं चला है। पुलिस को पहले गाजीपुर के एक परीक्षा केंद्र से पेपर लीक होने का शक था। अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। प्रतापगढ़, उन्नाव, कानपुर, प्रयागराज और गाजीपुर तक पुलिस की टीम गई है। इन जिलों की कई कालेज शक के दायरे में हैं। इनके बारे में जानकारी की जा रही है। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि सीटेट का पेपर लीक करने वालों के बारे में जानकारी की जा रही है।