Love Jihad Case: आगरा में लव जिहाद के आरोपित सलमान की तलाश में पांच टीमों की 25 जगहों पर दबिश
Love Jihad Case शाहगंज इलाके से 27 जनवरी की आधी रात को युवती काे ले गया आरोपित। पुलिस ने दिया था 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन 48 घंटे बाद भी नहीं आया हाथ। घटना से दिन पहले आरोपित सलमान के स्वजन घर छोड़कर चले गए थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में लव जिहाद के आरोपित सलमान की तलाश में पांच टीमों ने 25 जगहो पर दबिश दी।मगर, आरोपित अभी तक हाथ नहीं आया है। पुलिस अब तक आरोपित के 100 से ज्यादा परिचितों और दोस्तों से पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा उसके नजदीकी पांच दोस्तों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। इस सबके बावजूद आरोपित अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आया है।
शाहगंज क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय युवती को 27 जनवरी की आधी रात को सोरों कटरा इलाके का रहने वाला सलमान कुरैशी अपने साथ बहका करके ले गया। युवती के स्वजन को गुरुवार की तड़़के इसका पता चला। मामला दो समुदाय का होने के चलते तनाव की स्थिति है। भाजपा युवा मोर्चा,हिंदूवादी संगठनो और युवती के स्वजन ने सलमान पर लव जिहाद का आरोप लगाया। इसे लेकर गुरुवार की दोपहर में शाहगंज बाजार में हंगामा हुआ। लोगों ने बाजार बंद करा दिया था। वह रूई की मंडी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए थे।
घटना से दिन पहले आरोपित सलमान के स्वजन घर छोड़कर चले गए थे। इसके बाद सलमान भी युवती को लेकर गायब है। उसके घर पर ताला लगा हुआ है। तनाव की स्थिति को देखते हुए आरोपित और पीड़ित दोनों के घरों आसपास पुलिस पिकेट बढ़ा दी गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी ने पांच टीम बनाई हैं। इनमें तीन टीम आगरा से बाहर रवाना की गई हैं। बताया जाता है आरोपित की लोकेशन दूसरे राज्य में आई है।
पुलिस ने आरोपित के पांच नजदगी दोस्तों को पकड़ा है। इसके अलावा उसके रिश्तेदारों पर भी शिकंजा कसा है।उनसे सलमान जिन जगहों पर जा सकता है। वहां के बारे में जानकारी की जा रही है। एसपी सिटी ने बताय युवती की बरामदगी और आरोपित को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।