यमुना के खादर में संचालित तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी
बाह पुलिस ने एक आरोपित को किया गिरफ्तार तमंचे व औजार बरामद
जागरण टीम, आगरा। बाह के बटेश्वर क्षेत्र में यमुना के खादर में तमंचा बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित थी। पुलिस ने इसका भंडाफोड़ कर एक आरोपित को मौके से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से औजार, तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं।
इंस्पेक्टर बाह विनोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात गश्त के दौरान पुलिस को पता चला कि बटेश्वर क्षेत्र में तमंचा बनाने की फैक्ट्री संचालित है। इस पर पुलिस ने बुढ़ैरा गांव के त्रिलोकीनाथ को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर यमुना के खादर में झोपड़ी में गई पुलिस हैरान रह गई। वहां तमंचे बनाए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से एक देसी तमंचा 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, कारतूस व औजार बरामद किए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में त्रिलोकी ने बताया वह तीन से चार हजार रुपये में एक तमंचा बिक्री करता है। त्रिलोकी के खिलाफ बाह के अलावा फीरोजाबाद के नसीरपुर थाने में भी मुकदमा दर्ज है। उसे पकड़ने वालों में एसआइ चित्त कुमार, आदित्य खोखर, विपिन कुमार, कांस्टेबल सोनू, दीपक, विजेंद्र, आशीष शामिल रहे। सड़क हादसों में किशोरी की मौत, पांच घायल
जागरण टीम, आगरा: देहात अंचल में हुए सड़क हादसों में किशोरी की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कागारौल: कस्बा निवासी सोनम (17), बुलबुल (23) व रहीसा (40) शनिवार को गेहूं की फसल काटकर पैदल घर आ रहीं थी। खेरागढ़-कागारौल रोड पर नगला बीच, कागारौल निवासी विकास की बाइक की चपेट में आकर तीनों घायल हो गई। सोनम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सैंया: शनिवार दोपहर दो बजे वीरेश (38) निवासी फीरोजाबाद अपनी पत्नी सावित्री (33) को बाइक पर लेकर कुरेंदा सिद्ध बाबा पर प्रसाद चढ़ाकर फीरोजाबाद लौट रहे थे। रजपुरा के पास बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी और असंतुलित होकर खाई में जा गिरी। इसमें वीरेश, सावित्री के अलावा बोलेरो में सवार अजय और मनोज निवासीगण फतेहपुरा, इरादतनगर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। बोलेरो सवार नामांकन पत्र दाखिल करने ब्लाक कार्यालय जा रहे थे।