अमरदीप हॉस्पिटल में आइसीयू में भर्ती किए सामान्य पेट दर्द के मरीज
अमरदीप हॉस्पिटल में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने मारा छापा
आगरा, जागरण संवाददाता। सामान्य पेट दर्द और बुखार के मरीजों को सघन चिकित्सा कक्ष (आइसीयू) में भर्ती करने पर सोमवार को टीम ने छापा मारा। अमरदीप हॉस्पिटल, कमला नगर के आइसीयू में पांच मरीज भर्ती मिले, इसमें से तीन सामान्य बीमारी से पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने छापे के बाद हॉस्पिटल में आइसीयू के संचालन पर रोक लगा दी है।
नोडल अधिकारी डॉ. अजय कपूर ने बताया कि अमरदीप हॉस्पिटल, कमला नगर में छापा मारा। हॉस्पिटल के आइसीयू में पांच मरीज भर्ती मिले, गुड्डी निवासी रहनकला का बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था, भारतेंद्र निवासी एटा को एक हाथ में संक्रमण के बाद भर्ती किया था। वहीं, आइसीयू में भर्ती तीन अन्य मरीज पेट दर्द और सामान्य बुखार के थे। इन्हें जनरल वार्ड में भर्ती किया जा सकता है। इस बारे में संचालक रोहित बंसल से पूछा गया, वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। ड्यूटी डॉक्टर सुरेश छाबड़ा हॉस्पिटल में थे। हॉस्पिटल में आइसीयू पर रोक लगा दी गई है। बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में सुधार के लिए कहा गया है। आइसीयू में भर्ती कर थमा रहे 50 हजार का बिल
हॉस्पिटलों में सामान्य बुखार और पेट दर्द के मरीजों की हालत गंभीर बताकर आइसीयू में भर्ती किया जा रहा है। इन मरीजों में हायर जनरेशन एंटीबायोटिक लगाई जा रही हैं। एक दिन का 40 से 50 हजार रुपये का बिल थमाया जा रहा है, इस बिल का 25 से 30 फीसद मरीज को भर्ती कराने वाले एंबुलेंस चालक और झोलाछाप को दिया जाता है। 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, झोलाछाप कर रहे इलाज
हॉस्पिटलों में आइसीयू और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के बोर्ड लगे हुए हैं। यहां मरीजों को सीधे आइसीयू में भर्ती कर लिया जाता है, लेकिन इलाज करने के लिए डॉक्टर नहीं आते हैं। झोलाछाप मरीजों का इलाज करते हैं, इस तरह के तमाम मामले पकड़े जा चुके हैं।