पति की नहीं बदली आदत, पत्नी ने पुलिस से की शिकायत
चार वर्ष से रात को देर से लौट रहा था पति हर बात कर देता था अनसुनी पत्नी को मनाने के लिए पति ने किए तीन वादे
आगरा, जागरण संवाददाता। शादी के चार साल बाद भी पति की देर से घर लौटने की आदत में सुधार नहीं हुआ। इसे लेकर विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने उसकी शिकायत पुलिस से कर दी। पत्नी को मनाने के लिए पति ने पुलिस के सामने तीन वादे किए, तब पत्नी की नाराजगी दूर हुई।
सदर क्षेत्र निवासी युवती ने काउंसलर को बताया कि उसकी शादी चार वर्ष पहले हुई है। पति ताजगंज का रहने वाला है। उनके दो बच्चे हैं। पति दवा व्यापारी के यहां काम करता है। वह शादी के बाद से रोज रात को देर से आता है। सुबह जल्दी काम पर चला जाता है। पत्नी ने काउंसलर को बताया कि पति के देर से आने की आदत से वह परेशान है।
वहीं, पति का कहना था कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। इसमें देर रात तक काम करना पड़ता है। सुबह भी जल्दी जाना होता है। यदि वह यह सब नहीं करेगा तो परिवार का खर्चा कैसे चलेगा। काउंसलर के समझाने पर पति ने पत्नी से तीन वादे किए, पहला वह रात को जल्दी आएगा, जिस दिन देर होगी वह पत्नी को फोन कर देगा। दूसरा,उसे दो सप्ताह में एक बार अपने साथ बाजार घुमाने ले जाएगा। तीसरा वह पत्नी की बातों को अनसुना नहीं करेगा। इसके बाद पत्नी की नाराजगी दूर हुई। काउंसलर ने कराई छह पति-पत्नी में सुलह
परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी कमर सुल्ताना ने बताया कुल 30 दंपती बुलाए गए थे। आठ पति-पत्नी उपस्थित हुए। इनमें से छह में सुलह करा दी। 12 दंपती में एक पक्ष ही आया।इन सभी को काउंसिलिग के लिए आगे की तारीख दी गई है।