UP Weather 2019: चढ़ते पारे के साथ जोर पकड़ रहे लू के थपेड़े, जानिए क्या होगा आगे हाल
लू ने किया बेहाल पारा 44 पार। घरेलू उपायों से करें गर्मी से बचाव।
आगरा, जागरण संवाददाता। लू और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है। इससे अधिकतम तापमान 44 डिग्री पार कर चुका है। दिन हो या रात राहत किसी भी वक्त नहीं मिल रही। गर्म हवाएं दिन के हर पहर में बेहाल किये हुए हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ लू चलेगी। अगले पांच दिन में तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रह सकता है।
सुबह से ही तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चल रही हैं। दोपहर 12 बजे के बाद धूप तेज होती गई और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर एक से तीन बजे के बीच में धूप में खड़े होने पर सिर चकराने लगा और प्यास लगने लगी। यही हाल शनिवार को भी रहा था। शाम को भी गर्म हवा चलती रहीं। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 44.7 डिग्री दर्ज किया गया, यह शुक्रवार को 43.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रहा, यह एक दिन पहले भी 28.2 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तेज धूप निकलने के साथ ही लू चलेगी।
12 से तीन बजे तक धूप में निकलने से बचें
धूप और लू में डीहाइड्रेशन के केस बढ़ रहे हैं। इससे बचने के लिए दोपहर 12 से तीन बजे तक धूप में ना निकले। घर और कार्यालय से बाहर निकलने से पहले पानी पी लें, बाजार के खाद्य पदार्थों का सेवन ना करें।
लू से बचने के घरेलू उपाय
- धनिए को पानी में भिगोकर रखें, फिर उसे अच्छी तरह मसलकर तथा छानकर उसमें थोड़ी सी चीनी मिलाकर पीएं।
- गर्मियों में आम का पन्ना पीना चाहिए। यह कच्चे आम का शर्बत होता है जो आपको लू से बचाता है।
- इमली के बीज को पीसकर उसे पानी में घोलकर कपड़े से छान लें। इस पानी में शकर शक्कर मिलाकर पीने से लू से बचा जा सकता है।
- बाहर निकलने से पहले हमेशा अपने साथ पानी की बोतल रखें और थोड़ी-थोड़ी थोडी देर में पानी पीते रहें।
- दिन में खाली पेट बाहर नहीं निकलें। घर से निकलने के पहले कुछ खाकर निकलें।
- धूप में कम से कम निकलने की कोशिश करें। अगर निकलना जरूरी है तो छाता जरूर लेकर चलें।
- धूप में निकलने से पहले पूरे अंगो को ढकने वाले कपड़े पहने। अगर संभव हो तो सफेद या हल्के रंग के कपड़े पहनें। इससे गर्मी कम लगती है।
- कच्ची प्याज भी लू से बचाने में मददगार होता है। आप खाने के साथ कच्चा प्याज का सलाद बनाकर खा सकते हैं।
- गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी न हो इसलिए तरबूज, ककड़ी, खीरा खाना चाहिए। इसके अलावा फलों का जूस लेना भी फायदेमंद है।
- पानी में ग्लूकोज मिलाकर पीते रहना चाहिए। इससे आपके शरीर को उर्जा मिलती है जिससे आपको थकान कम लगती है।
- लू से बचने के लिए बेल या नींबू का शर्बत भी पीया जा सकता है। यह आपके शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है।
- बाहर से आने के बाद तुरंत पानी नहीं पीएं। जब आपके शरीर का तापमान सामान्य हो जाए तभी पानी पीएं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप