Holi 2020: हाथ में माइक थाम कप्तान साहब बोले...रंग बरसे भीगे चुनर वाली, पढ़ें कैसा चढ़ा खाकी पर रंगों का खुमार
एसएसपी बबलू कुमार ने गाया गाना। फायर टेंडर से रंगों की बौछार। परेड ग्राउंड पर ढोल की थाप पर थिरके पुलिसकर्मी।
आगरा, जागरण संवाददाता। रंगों के त्योहार पर मुस्तैदी से ड्यूटी करने के दूसरे दिन बुधवार को पुलिस लाइन में खाकी वाले रंगों से सराबोर हुए। सिपाहियों से लेकर एसएसपी बबलू कुमार तक सभी होली की मस्ती में थे। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में फायर टेंडर से रंगों की बौछार हुई और एसएसपी ने खुद होली के गीत गाए। त्योहार पर मस्ती का सिलसिला अभी चल रहा है।
हां वो जागते हैं तभी तो हम अपने अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं। वो पहरा देते हैं इस विश्वास के साथ हम जीवन के हर रंग को सुरक्षित जी पाते हैं। हां वो खाकी पहनते हैं तभी तो हम खुशहाली से रह सकते हैं। होली पर सभी अपने परिवार के साथ त्योहार मना रहे थे। मगर, खाकी वाले आपकी सुरक्षा में मुस्तैद थे। कोई अपने क्षेत्र में गश्त कर रहा था तो कोई ड्यूटी प्वाइंट पर खड़ा था। अपने परिवार के साथ तो ये खाकी वाले रंगाें का त्योहार नहीं मना सके। त्योहार शांति से मनने के बाद बुधवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर पुलिस की परंपरागत होली हुई। कांस्टेबल की ट्रेनिंग ले रहे रंग रूटों से लेकर एसएसपी बबलू कुमार तक पर होली की मस्ती का रंग चढ़ा था। फायर टेंडर में रंग डालकर उससे सभी के ऊपर रंगों की बौछार हो रही थीं। कोई गुलाल उड़ा रहा था। एसएसपी बबलू कुमार नें रंग बरसे भीगे चुनर वाली ... गाना गाया तो सभी झूमने लगे। पहले सिपाहियों ने इंस्पेक्टर और क्षेत्राधिकारियों को रंग लगाया। इसके बाद सभी ने एसएसपी बबलू कुमार और एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद पर रंगों की बौछार की। करीब तीन घंटे तक पूरे मैदान में हर ओर से रंगों की बौछार होती रही। इसके बाद सभी अधिकारी एडीजी अजय आनंद के आवास पर होली मिलन को पहुंचे। वहां भी होली खेली। जिले के सभी थानों में पुलिसकर्मियों ने मस्ती से रंगों के त्योहार काे मनाया। ढोल नगाड़े की थाप पर सभी थानों में पुलिसकर्मी खूब थिरके।