Congress: कांग्रेस जिलाध्यक्ष की 'सौदेबाजी की सियासत' में समिति आज करेगी जांच
Congress समिति आज जिला व शहर के कांग्रेसियों से जुटाएगी जानकारी। बिजली कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन न करने को सौदेबाजी का मामला।
आगरा, जागरण संवाददाता। बिजली कंपनी टोरंट के खिलाफ प्रदर्शन न करने को कांग्रेसियों द्वारा सौदेबाजी की सियासत के वीडियो वायरल होने के मामले की जांच बुधवार को होगी। कांग्रेस द्वारा बनाई गई तीन सदस्यीय जांच समिति कांग्रेस नेताओं से पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाएगी और एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को देगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित और महासचिव शाहिद अहमद के टाेरंट के मध्यस्थ से प्रदर्शन न करने के एवज में साैदेबाजी के वीडियो शनिवार को वायरल हुए थे। इसमें मनोज दीक्षित प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तक को साधने की बात करती नजर आई थीं। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तक मामला पहुंचने पर प्रदेश नेतृत्व ने दोनों पदाधिकारियों से इस्तीफा ले लिया था। रविवार को शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू के वीडियो वायरल हुए थे। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पूरे प्रकरण की जांच को तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है। समिति बुधवार सुबह 10:30 बजे से होटल पीएल पैलेस में जिला व शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेसियों, फ्रंटल संगठन, ब्लॉक व वार्ड कमेटी के पदाधिकारियों से पूरे प्रकरण की जानकारी करेगी। समिति में राष्ट्रीय सचिव पूर्व एमएलसी विवेक बंसल, पूर्व एमएलसी व नेता कांग्रेस विधानमंडल दल प्रदीप माथुर, पश्चिमी उप्र किसान कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी शामिल हैं।
पार्टी में गुटबाजी हावी
कांग्रेस में गुटबाजी हावी है। इस प्रकरण को भी पार्टी की आंतरिक गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। कुछ वरिष्ठ नेताआें ने इसे स्वीकारा भी है।