उटंगन नदी का रौद्र रूप, भोगपुरा बाग मे घरों के पास पहुंचा पानी
फतेहाबाद क्षेत्र में सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न नदी गांव से महज 10 मीटर दूर
जागरण टीम, आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र में अक्सर शांत रहने वाली उटंगन नदी ने बुधवार सुबह हलचल मचा दी। दोपहर तक सैकड़ों बीघा खेत में खड़ी फसल जलमग्न हो गई। निबोहरा के गांव भोगपुरा बाग निवासी पूर्व प्रधान महेश वर्मा ने बताया कि 1996 में उटंगन नदी में बाढ़ आई थी। तब बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया था। हालांकि अभी यह स्थिति नहीं है। फिलहाल नदी गांव से 10 मीटर दूर है। ग्रामीणों के मुताबिक यही हाल रहा तो बमुश्किल 25 घंटे में उनके घरों में भी पानी भर जाएगा। वहीं सांकुरी कलां, सांकुरी खुर्द, सालूबाई,जय सिगाबाई, रिहावली, सिलावली आदि गांवों में फसलें डूब गई हैं। नगला मोहन में पंप सेट लगाकर निकाला पानी
जागरण टीम, आगरा। शिकायत के पांच दिन बाद एत्मादपुर के गांव नगला मोहन में तालाब के ओवरफ्लो की वजह से घरों घुसे पानी को बुधवार को पंप सेट लगा कर निकाला गया। गांव निवासी जय पाल सिंह ने 31 जुलाई को एसडीएम प्रियंका सिंह को लिखित शिकायत की। इसमें उन्होंने बताया कि कि गांव का तालाब ओवरफ्लो हो गया है। जिसके चलते गंदा पानी घरों में घुस रहा है। जलभराव के कारण मकान की दीवारों में दरारें आने लगी हैं। शिकायत के पांच दिन बाद अधिकारियों को सुध आई। तब जाकर समस्या का समाधान हो सका। लेखपाल मीना श्रीवास्तव, प्रधान प्रियंका सिंह, सचिव योगेंद्र पाल आदि मौजूद रहे। नगला तेजा में मकान की दीवार गिरी
जागरण टीम, आगरा। कई दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण बुधवार को मकान की दीवार गिर गई। इससे हादसा टल गया। सैंया के नगला तेजा निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को उनके घर के सभी सदस्य टिनशेड में बैठे थे, तभी तेज आवाज के साथ मकान की एक दीवार गिर पड़ी। खास बात यह रही कि उस वक्त दीवार के आसपास कोई नहीं था।