दुकानों के शटर डाउन, गोदामों से हो रही बिक्री
आंशिक लाकडाउन में दुकानदारों ने निकाला नया तरीका बाजार में कम नहीं हो रही भीड़ कपड़े और बर्तन की दुकानें भी खुलीं
आगरा,जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लागू आंशिक लाकडाउन में 23 दिनों से बाजार बंद है। ऐसे में बाजार बंदी में दुकानदारों ने नया तरीका निकाला है। अधिकांश बाजारों में मुख्य मार्ग की दुकानों के शटर गिरे हैं, लेकिन इन दुकानों के गोदाम खुले हुए हैं। दुकानों के बाहर एक कर्मचारी बैठा दिया गया है, जो ग्राहक आने पर उन्हें गोदाम में ले जाता है।
आंशिक लाकडाउन में केवल आवश्यकत वस्तु और किराना की दुकानें खोलने की अनुमति हैं। मगर, सहालग होने के कारण बाजार में भीड़ है। लोग कपडे़, बर्तन व मांगलिक कार्यक्रम से जुडे़ अन्य सामान लेने के लिए निकल रहे हैं। ऐसे में लुहार गली, किनारी बाजार, सुभाष बाजार सहित स्थानीय बाजार शाहगंज, आवास विकास, ट्रांस यमुना, कमला नगर सहित अन्य बाजारों में लोगों की चहल-पहल है। जिन लोगों की दुकानें रोड पर हैं, उन्होंने दुकानों के बाहर कर्मचारियों को बैठा दिया है। जैसे ही कोई ग्राहक आता है, उसको बुला लेते हैं। बाद में कोई दुकानदार शटर उठा कर उन्हें अंदर कर देता है तो कोई ग्राहक को आसपास बने अपने गोदाम पर ले जाता है। अधिकांश बाजारों में पिछले 23 दिन में यह नजारा आम हो गया है। मगर, पुलिस और प्रशासन द्वारा इसकी अनदेखी की जा रही है। बिना मास्क के आ रहीं महिलाएं
बाजार में आने वालों में अधिकांश महिलाएं हैं। एक साथ तीन-चार महिलाएं आती हैं। इनमें कोई-कोई बिना मास्क के होती है। ऐसे में इनके द्वार संक्रमण का खतरा भी रहता है। सरकार द्वारा संक्रमण रोकने को आंशिक लाकडाउन लगातार बढ़ाया जा रहा है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही से बाजारों में भीड़ बनी हुई है।