UP Weather 2019: आसमान से बरसी आग, घरों में दुबकने को मजबूर हुए लोग
सुबह से ही धूप ने दिखाई तल्खी लू के थपेड़ों ने झुलसाया बदन। सड़कों से लेकर बाजारों तक पसरा रहा सन्नाटा कारोबार प्रभावित।
आगरा, जेएनएन। दो दिन तक राहत देने के बाद गर्मी के तेवर फिर से तल्ख हो गए। बुधवार को दो डिग्री उछलकर पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सूरज आसमान से आग बरसाता रहा और लू के थपेड़े बदन को झुलसाते रहे। गर्मी के प्रकोप का असर सड़कों से लेकर बाजारों तक दिखा। कारोबार पर भी गर्मी का असर पडऩे लगा है।
बुधवार की सुबह से ही धूप ने अपनी तल्खी दिखानी शुरू कर दी थी। सुबह 10 बजते- बजते आसमान से आग बरसने लगी। लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। सुबह से चल रही हवाएं दोपहर होते ही लू के थपेड़ों में बदल गईं। सबसे ज्यादा परेशानी रोजेदारों को हुई। धूप और लू के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर 12 बजे के बाद गर्मी के कारण मुख्य सड़कों से लेकर शहर के बाजारों में भी चहल-पहल गायब हो गई।
ईद की छुट्टी की वजह से ज्यादातर लोगों ने घर में ही रहना बेहतर समझा। ज्यादा आवश्यक होने पर जो लोग घरों से बाहर निकले वे भी खुद को पूरी तरह से ढंककर निकले। दुकानदारों का कहना है कि गर्मी की वजह से कारोबार पर असर पडऩे लगा है। दोपहर में ग्राहक दूरी बना रहे हैं। शाम छह बजे के बाद से ही खरीददारी का सिलसिला शुरू होता है। ऐसे में कारोबार को भी नुकसान हो रहा है। गर्मी से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल सकी। न्यूनतम तापमान बुधवार को भी 29.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। बीते करीब एक सप्ताह से तापमान इसी स्तर पर बरकरार है, ऐसे में लोगों को दिन-रात गर्मी का अहसास झेलना पड़ रहा है। इधर उमस का स्तर बढ़ने से पसीना बहना बंद नहीं हो रहा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप