UP Weather 2019: तप रहा आसमान, सुलग रही धरती, राहत की अभी कोई उम्मीद नहीं
रविवार को पारे में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। तपिश से शहर की सड़कों पर रहता है अघोषित कफ्र्यू जैसा माहौल।
आगरा, जेएनएन। रविवार को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज गई। लेकिन वातावरण में उसम बढऩे के कारण लोग ज्यादा बेचैन और परेशान दिखाई दिए। रविवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि बीते तीन दिन से पारा 49 पर टिका हुआ था।
नौतपा में हर जिला लगातार तप रहा है। गर्मी के हालात ये है कि तप रहा आसमान, सुलग रही धरती और झुलस रहा इंसान। शहर की सड़कों पर सुबह दस बजे बाद से सन्नाटा पसर जाता है, जो शाम को चार बजे तक कायम रहता है। बीते एक सप्ताह से सूरज की असहनीय तपिश के कारण शहर और बाजार में अघोषित कफ्र्यू जैसा दृश्य नजर आ रहा है।
गर्मी से परेशान हर व्यक्ति इस जुगत में नजर आया कि चल कर ऐसी जगह बैठा जाए जहां कूलर या एसी हो। जहां हवा में बैठकर आराम किया जाए और शीतल पेय से गला तर किया जाए। दोपहर में तपिश से बचने के लिए अधिकांश किशोर और युवा मल्टीप्लेक्स में मूवी देखकर गर्मी से बचने की जुगत करते दिखाई दिए। घर से बाहर जरूरी काम से निकले लोग पसीने से तरबतर और गला सूखने के कारण बेचैन और व्याकुल नजर आए। सूरज के कहर से परेशान लोग अब तो ईश्वर की बरसात की कामना करने लगे हैं। सूरज के कहर से परेशान लोग आसमान की ओर नजर उठा कर ईश्वर से बोल रहे है कि अब तो रहम करो प्रभु। धरती तप रही है तो बारिश कर इसको ठंडा करो।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोग तेज गर्मी के कारण उल्टी दस्त की चपेट में आ रहे हैं। गर्मी के कारण पशु पक्षियों का भी हाल बेहाल है। गर्मी मे तपिश और गर्मी में लोगों की सेहत बिगड़ रही है। क्षेत्र में बड़े, बूढ़े एवं बच्चे डायरिया एवं उल्टी दस्त समेत गर्मीजनित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। निजी डॉक्टरों के यहां मरीजों का तांता लगा हुआ है।
नौ दिनों का तापमान:
दिन अधिकतम न्यूनतम
शनिवार 42 25.5
रविवार 44.5 25.5
सोमवार 46 25
मंगलवार 47 26
बुधवार 48 26
गुरुवार 49 26.5
शुक्रवार 49 33.5
शनिवार 49 29.5
रविवार 48 30
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप