Taj Mahal Unlock: आगरा में सैलानियों के इस्तकबाल को चमकाने लगे 'ताज'
Taj Mahal Unlock 21 सितंबर से ताजमहल खोले जाने से हुआ है आशा का संचार। एंपोरियम और शोरूम में हो रही सफाई 17 मार्च को हो गए थे बंद।
आगरा, जागरण संवाददाता। उप्र में साप्ताहिक बंदी खत्म हो चुकी है। ताजमहल और आगरा किला भी 21 सितंबर से खुलने जा रहे हैं। इससे निराशा में डूबे पर्यटन व हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों को उम्मीद की किरण नजर आई है। उन्होंने एंपोरियम, शोरूम व दुकानों में साफ-सफाई कराना शुरू कर दिया है। ताज के मॉडल के साथ हैंडीक्राफ्ट के सामान को चमकाया जा रहा है।
आगरा में कोविड-19 के संक्रमण के चलते 17 मार्च से सभी स्मारक बंद हो गए थे। उनके आसपास संचालित हैंडीक्राफ्ट, रेस्टोरेंट, हलवाई और चाय की दुकानें भी बंद हो गई थीं। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के अगले दिन से आगरा में लॉक डाउन होने पर शहर के सभी होटल व रेस्टोरेंट भी बंद हो गए थे। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग निराश थे। उन्हें 174 दिन बाद सात सितंबर को ताजमहल व आगरा किला को 21 सितंबर से खोले जाने की खबर ने राहत प्रदान की थी। इन दिनों ताजमहल के आसपास स्थित शोरूम व दुकानाें में साफ-सफाई की जा रही है। शोरूम संचालक सुनील कुमार ने बताया कि छह माह की बंदी के बाद ताजमहल खुलेगा तो उस पर आश्रित परिवारों की रोजी-रोटी का संकट दूर होगा। शोरूम में सफाई कराई है, जिससे पर्यटकों को अच्छा महसूस हो।
एएसआइ सही करा रहा शेड
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने ताजमहल के पश्चिमी गेट के बाहर पर्यटकों की सुरक्षा जांच को बनवाए गए शेड को सही कराना शुरू कर दिया है। 29 मई को आए तूफान में शेड की फॉल सीलिंग उखड़ गई थी। अब फॉल सीलिंग के साथ ही वायरिंग आदि सही किए जा रहे हैं।
एएसआइ पहले ही बनवा चुका है गोले
एएसआइ ने छह जुलाई से पूर्व ही ताजमहल पर शारीरिक दूरी के पालन को पूर्वी व पश्चिमी गेट पर गोले बनवा दिए थे। थर्मल स्क्रीनिंग के लिए इंफ्रारेड थर्मामीटर और सैनिटाइजेशन के लिए सैनिटाइजर भी खरीद लिया गया था। जिला प्रशासन द्वारा तब स्मारकों को खोलने की अनुमति नहीं दिए जाने से उसके इंतजाम धरे रह गए थे।