अनियंत्रित होकर पलटी रोडवेज बस,आधा दर्जन यात्री घायल
फीरोाजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव इमलिया के पास हुई घटना। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में मची चीख पुकार।
आगरा, जेएनएन। गुरुवार सुबह टूंडला थाना पचोखरा क्षेत्र के एटा रोड पर रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाओं समेत आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब साढ़े 11 बजे का है। एटा डिपो की एक रोडवेज बस यात्रियों को लेकर आगरा की ओर जा रही थी। अभी वह थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव इमलिया के समीप पहुंची ही थी कि तभी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने बचाव के लिए दौड़ लगा दी। सूचना पर नारखी और पचोखरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
हादसे में आधा दर्जन यात्री जिनमें विमला देवी पत्नी राजेन्द्र कुमार निवासी कृष्णा नगर एटा, प्रवीन कुमार पुत्र स्वरूप दयाल निवासी नगरोटी बेसवां मैनपुरी, रिषी गोयल पुत्र ओमप्रकाश गोयल निवासी फ्रीगंज एटा, भूदेवी पत्नी रामेश्वर अलीगंज, प्रेमा देवी पत्नी शिशुपाल निवासी सूर्या नगर कासगंज, कुशल पुत्र गुलाब ङ्क्षसह निवासी भोजपुरा कासगंज घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां उपचार देने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। अन्य यात्रियों को पुलिस ने पीछे आ रही रोडवेज बस में सवार कर आगरा के लिए रवाना कर दिया। गनीमत रही कि हादसे में कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई।