पौधरोपण में जमकर लापरवाही, तीन फीट पर लगा दिए पौधे, होगी जांच
भागीरथी देवी मार्ग के डिवाइडर पर पुराने ट्री गार्ड के समीप लगाए गए नए पौधे। बीस मीटर की दूरी पर होना था पौधरोपण।
आगरा, जागरण संवाददाता। थाम लो हरियाली अभियान में लापरवाही बरती जा रही है। बीस मीटर के बदले तीन से पांच मीटर की दूरी पर पौधे लगाए जा रहे हैं। नगर निगम के अफसरों ने आंख मूंद रखी है।
इस वित्तीय साल में शहर में दस हजार पौधे लगने हैं। थाम लो हरियाली अभियान में पौधे दो करोड़ से लगाए जा रहे हैं। निगम प्रशासन ने बीस मीटर की दूरी पर पौधे लगाने के आदेश दिए हैं। जिससे पौधे एक दूसरे से न टकराएं और उनकी ग्रोथ भी सही तरीके से हो, लेकिन निगम के ठेकेदारों ने अभियान को पलीता लगा दिया है। भागीरथी देवी मार्ग सहित अन्य स्थानों पर तीन से पांच फीट की दूरी पर पौधे और ट्री गार्ड भी लगा दिया गया है। निर्धारित दूरी के बदले कम दूरी पर पौधे लगाने की शिकायत सीएम योगी आदित्यनाथ और डीएम एनजी रवि कुमार से की गई है।
जल्द उखाड़े जाएंगे कनेर
एमजी रोड सहित अन्य रोड के डिवाइडर व उसके किनारे कनेर के पौधे लगाए गए हैं। नगर निगम प्रशासन इन्हें जल्द हटाने की तैयारी में है।
पौधों को निर्धारित दूरी पर न लगाने की शिकायतें मिली हैं। इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।
एनजी रवि कुमार, डीएम