Coronavirus Vaccine: आगरा के दो ब्लाकों में नहीं बढ़ पा रहा वैक्सीनेशन का ग्राफ, जानिये कौन से हैं ये दो ब्लाक
Coronavirus Vaccine जगनेर में 45 से अधिक उम्र वाले 5806 लोगों ने और 18 से अधिक उम्र वाले 4342 लोगों ने अपनी पहली वैक्सीन लगवाई है। वहीं पिनाहट में 45 से अधिक उम्र वाले 5407 लोगों ने और 18 से अधिक उम्र वाले 4730 लोगों ने पहली डोज ली है।
आगरा, जागरण संवाददाता। तमाम कोशिशों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन अभियान जोर नहीं पकड़ पा रहा। सबसे ज्यादा खराब स्थिति जगनेर और पिनाहट ब्लाक की है। जगनेर में 45 से अधिक उम्र वाले 5,806 लोगों ने और 18 से अधिक उम्र वाले 4,342 लोगों ने अपनी पहली वैक्सीन लगवाई है। वहीं, पिनाहट में 45 से अधिक उम्र वाले 5,407 लोगों ने और 18 से अधिक उम्र वाले 4,730 लोगों ने पहली डोज ली है।
वैक्सीनेशन के लिए प्रशासनिक स्तर पर तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ गांव-गांव कैंप भी अयोजित किए जा रहे हैं। बीते सप्ताह 90 गांवों में सात दिन के वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया था। वर्तमान में पांच ब्लाकों की 20-20 ग्राम पंचायतों में कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद अब तक 2.31 लाख लोगों को ही पहली डोज लगवाई है। 15 ब्लाकों में सबसे आगे अछनेरा ब्लाक है। यहां के 45 से अधिक उम्र वाले 14,932 और 18 से अधिक उम्र वाले 12,898 लोग पहली वैक्सीन लगवा चुके हैं। बरौली अहीर ब्लाक में भी 45 से अधिक उम्र वाले 16,520 और 18 से अधिक उम्र वाले 7,230 लोग पहली डोज ले चुके हैं। सीडीओ ए. मनिकंडन का कहना है कि सात-सात दिन के लिए जिले की सी ग्राम पंचायतों में वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे।
एक नजर
2,31,398 लोग ले चुके हैं पहली डोज
45 से अधिक उम्र वाले 1,35,768 लोगों ने ली पहली डोज
18 से अधिक उम्र वाले 95,612 लोगों ने ली पहली डोज
45 से अधिक उम्र वाले 29,866 लोग ले चुके हैं दूसरी डोज