गतिमान की 'गति' जांचने इंजन में आए जीएम
उत्तर-मध्य रेलवे के जीएम राजीव चौधरी ने कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया मथुरा के पास गतिमान की स्पीड में आ रही परेशानी
आगरा, जागरण संवाददाता : गतिमान की स्पीड में उतार चढ़ाव और संचालन में क्या परेशानी आ रही हैं, इसको देखने के लिए उत्तर-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक बुधवार को गतिमान से आगरा आए। ट्रेन संचालन में क्या दुश्वारिया आ रही यही जानने के लिए वह इंजन में बैठकर आए। उन्होंने लोको पायलटों से भी जानकारी की। आगरा छावनी स्टेशन का निरीक्षण किया।
देश की पहली सेमी हाई स्पीड कही जाने वाली गतिमान की अधिकतम स्पीड 160 किमी है। मगर, यह स्पीड कायम नहीं रह पा रही थी। बुधवार सुबह उत्तर-मध्य रेलवे के जीएम राजीव चौधरी दिल्ली से गतिमान एक्सप्रेस के इंजन में बैठकर चले। रास्ते में जहां पर भी तकनीकी दिक्कत आ रही थी, वह लोको पायलट से जानकारी करते रहे। सुबह नौ बजकर 50 मिनट वह कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंजन से उतरे। यहां से वह लोको रनिंग रूम का निरीक्षण करने पहुंचे, यहां पर पौधरोपण भी किया। उन्होंने लोको पायलट के ठहरने और उनके खाने-पीने की व्यवस्था का जायजा लिया। मैस में खाना खा रहे लोको पायलटों से खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। रनिंग रूम की व्यवस्था से खुश होकर उन्होंने प्रभारी एचडी शर्मा को 20 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की। वह गार्ड-लोको पायलट लॉबी में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मैन्युअल लॉग बुक की जगह कंप्यूटराइज्ड सिस्टम का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें यात्री सुविधा बढ़ाने के निर्देश दिए। जीएम ने बताया कि गतिमान को चलाने में आ रही दुश्वारियां को जानने के लिए वह आए थे। मथुरा में गति को लेकर कुछ समस्या सामने आई हैं। इन्हें निस्तारित किया जाएगा। बाकी कोई परेशानी नहीं है। वह शाम को इलाहाबाद के लिए रवाना हो गए। इस दौरान डीआरएम रंजन यादव, एडीआरएम डीके सिंह, डीसीएम एसके श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
जल्द शुरू की जाएंगी निरस्त ट्रेनें
जीएम ने लंबे समय से निरस्त चल रही ट्रेनों के बारे में कहा कि ट्रेनें निरस्त करने का अधिकार रेलवे बोर्ड का है। उनकी ओर से ट्रेनें संचालित करने के लिए सिफारिश की गई है। उम्मीद है कि जल्द ट्रेनें शुरू होंगी। वहीं कोटा में लोको पायलटों को एलआर न देने के मामले पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग दादागिरी करते हैं, लेकिन यह लंबे समय तक नहीं चलेगा। बिल्लोचपुरा स्टेशन पर सुविधा बढ़ाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वहां यात्रियों की संख्या बढे़गी तो सुविधाएं भी बढ़ना शुरू हो जाएंगी।