शोभायात्रा में गूंजे गिर्राज जी महाराज के जयकारे
गिर्राज जी सेवा मंडल ने 56 भोग महोत्सव को दिया निमंत्रण 26 व 27 दिसंबर को गोवर्धन में होगा महोत्सव का आयोजन
आगरा, जागरण संवाददाता। गिर्राज जी सेवा मंडल द्वारा शनिवार को शोभायात्रा निकालकर वृंदावन में लगने वाले 56 भोग महोत्सव के लिए निमंत्रण दिया गया। सतरंगी फूलों से सजी गिर्राज जी महाराज की झांकी के आगे भजनों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए चल रहे थे। फूलों व इत्र की महक से महकते गिर्राज जी महाराज के दर्शन को हर भक्त लालायित नजर आया।
रावतपाड़ा स्थित मन:कामेश्वर मंदिर से निकाली गई गिर्राज जी महाराज की शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल व योगेंद्र उपाध्याय, संस्थापक नितेश अग्रवाल और टीएन अग्रवाल ने आरती उतारकर किया। बल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत कपिल नागर ने आरती कराई। शोभायात्रा में सबसे आगे गणेश जी की सवारी चल रही थी। जौहरी बाजार, दरेसी, छत्ता बाजार, बेलनगंज, पथवारी, धूलियागंज, फुलट्टी, किनारी बाजार होते हुए शोभायात्रा रावतपाड़ा पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में 26 व 27 दिसंबर को गोवर्धन में होने वाले 56 भोग महोत्सव का निमंत्रण शहरवासियों को दिया गया। गिर्राज जी सेवा मंडल द्वारा 26 व 27 दिसंबर को गोवर्धन तलहटी, आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित शरणानंद जी के आश्रम में 56 भोग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 26 दिसंबर को गोविदाभिषेक कर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाई जाएगी। 27 दिसंबर को साधु सेवा, भंडारा, 56 भोग दर्शन और भजन संध्या होगी। इसमें 11 हजार किलो व्यंजनों का भोग गिर्राज जी महाराज को समर्पित किया जाएगा। यह रहे मौजूद
मयंक अग्रवाल, मनोज कुमार गर्ग, अजय गोयल, श्याम माहेश्वरी, अध्यक्ष रविद्र गोयल, महामंत्री अजय सिघल, विजय अग्रवाल, पवन कुमार अग्रवाल, आशी अग्रवाल, सीमा गोयल, शिवानी अग्रवाल, प्राची अग्रवाल, कविता अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।