Fraud in Love: आगरा में प्रेमिका ने प्यार में बदला मजहब, फिर भी शादी करके दगा दे गया प्रेमी
थाना लोहामंडी क्षेत्र का मामला। प्रेमी से शादी के लिए धर्म परिवर्तन कर प्रेमिका बन गई अन्नू। पति ने धोखे से दो बार कराया गर्भपात। पांच महीने पहले धोखा देकर कर ली दूसरी शादी। 15 लाख रुपये से ज्यादा के नकदी-जेवरात भी हड़पने का आरोप।
आगरा, जागरण संवाददाता। प्रेमिका ने प्रेमी के प्यार के लिए अपना मजहब बदल दिया। अपना नाम अन्नू कर लिया। प्रेमी के साथ मंदिर में सात फेरे लेकर शादी कर ली। मगर, दो साल बाद ही पति की असलियत सामने आ गई। वह मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने लगा। दो बार उसका गर्भपात करा दिया।
पांच महीने पहले काम के सिलसिले में दिल्ली जाने की कहकर निकला पति घर नहीं लौटा। अन्नू को धोखा देकर दूसरी शादी कर ली। उसके लाखों रुपये के जेवरात और नकदी हड़प कर ली। पीड़िता ने लोहामंडी थाने में आरोपित पति समेत दस लोगोंं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इस तरह हुई मुलाकात: लोहामंडी क्षेत्र निवासी अल्पसंख्यक समुदाय की युवती के अनुसार वर्ष 2016 में वह खंदारी क्षेत्र में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में काउंसलर थी। इस दौरान उसी इंस्टीट्यूट में फैकल्टी अनुज वर्मा से उनकी मुलाकात हुई। अनुज मूलरूप से मैनपुरी की प्रजापति कालोनी का रहने वाला है। दोनों के बीच प्यार हो गया। युवती के अनुसार दोनों ने शादी करने का फैसला किया। उसने प्रेमी के लिए अपना धर्म परिवर्तन करके अन्नू नाम रख लिया। अनुज के स्वजन की रजामंदी से उनकी मौजूदगी में पारंपरिक तरीके से शादी की। इसके बाद पति अनुज उसे लेकर एटा के गंजडुंडवारा में आकर किराए पर मकान लेकर रहने लगा। यहां पर पति ने कोचिंग सेंटर खोल लिया।
धोखे से कराया गर्भपात: इस दौरान वह गर्भवती हो गई। पति ने उनका गर्भपात करा दिया। अन्नू के अनुसार वर्ष 2018 में वह दोबारा गर्भवती हुई। पति उसे नैनीताल घुमाने के बहाने अपने साथ लेकर गया। मगर, वह बरेली में एक अस्पताल में उसे चेकअप कराने के बहाने लेकर गया। यहां साजिश के तहत पति अनुज वर्मा ने उसे डाक्टर से कुछ गोलियां दिला दीं। जिन्हें खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसका आपरेशन करके सात महीने का गर्भपात करा दिया। यहां सात दिन तक भर्ती रहने के दौरान डाक्टर और स्टाफ की लापरवाही के चलते उसकी हालत बिगड़ गई। पति अनुज इसके बाद उसे आगरा लेकर लौट आया।
कई जगह मकान लेकर किराए पर रहा: सिकंदरा इलाके में आठ महीने तक उसे किराए के मकान में लेकर रहा। इसके बाद यहां से मकान बदलकर शाहगंज में लेकर रहने लगा। अन्नू वर्मा का आरोप है कि इस दौरान पति उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करता रहा। उसके करीब 15 लाख रुपये के नकदी-जेवरात हड़प लिए। उसकी खुद की जमा पूंजी साढ़े तीन लाख रुपये भी ले लिए। पति पिछले वर्ष नवंबर में काम के सिलसिले में दिल्ली बताकर गया था। इसके बाद लौटकर नहीं आया।
धोखा देकर की दूसरी शादी: अन्नू के अनुसार वह पति को तलाशती रही। मगर, पति ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया था। इस बीच उसे पता चला कि पति ने 28 नवंबर को औरेया निवासी युवती से दूसरी शादी कर ली है। पूरी साजिश में पति और उसके ससुराल वाले भी शामिल थे। इंस्पेक्टर लोहामंडी सुनील कुमार सिंह के अनुसार पीड़िता की तहरीर पर अनुज वर्मा के अलावा डाक्टर कंचन, सुशीला देवी, नीरज, पंकज, अनिल समेत दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना की जा रही है।