80 फीट गहरे कुएं में गिरी किशोरी को 30 घंटे बाद निकाला
परचून का सामान लेने जाते समय गिर गई थी शरीर पर नहीं खंरोच का निशान। चारपाई को रस्सों के सहारे कुएं में डालकर बाहर निकाला गया लगे जयकारे
जेएनएन, आगरा। परचून की दुकान से सामान लेने गई किशोरी 80 फीट गहरे कुएं में गिर पड़ी। पुलिस ने उसे 30 घंटे बाद रविवार की रात 12:40 बजे चारपाई के सहारे बाहर निकाला। हैरानी की बात ये है कि किशोरी को खंरोच तक का निशान नहीं है।
शमसाबाद के ऊंचा गांव निवासी लखपत किसान हैं। उन्होंने बताया कि 15 वर्षीय बेटी शनिवार शाम छह बजे पास ही स्थित परचून की दुकान से सामान लेने गई थी। देररात तक नहीं लौटी तो उसकी तलाश की गई लेकिन सुराग नहीं मिला। रात को ही पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव के मुताबिक रविवार रात को लखपत के घर से 300 मीटर दूर स्थित कुएं में टार्च की रोशनी में वह दिखाई दी। इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया गया। रात 12:40 बजे उसे चारपाई के सहारे बाहर निकाल लिया गया। उसके सकुशल बाहर आते ही ग्रामीणों ने खूब जयकारे लगाए। यूं चला आपरेशन रेस्क्यू
पुलिस की कई टीमें ग्रामीणों के साथ पूरे गांव की सर्चिग में जुटी थीं। कुएं, तालाब में भी देखा जा रहा था। रविवार रात 12 बजे पुलिस को कुएं में उसका हाथ नजर आया। पुलिस ने आवाज दी तो पूनम ने रोते हुए जवाब दिया। कुएं में जहरीली गैस से आशंकित पुलिस ने चारपाई के चारों कोनों पर रस्से बांधे और उसे नीचे उतार दिया। इस तरह पूनम को 80 फीट गहरे कुएं से बाहर निकाला गया। झाकते समय कुएं में गिर गई थी पूनम
पूछताछ में पूनम ने पुलिस को बताया कि परचून की दुकान से सामान लेने जाते वक्त उसे कुएं में झांकने की जिज्ञासा हुई। वह उसमें झाक ही रही थी कि अचानक पैर फिसल गया और वह उसमें गिर पड़ी। इसके बाद काफी देर तक शोर मचाती रही लेकिन किसी को उसकी आवाज सुनाई नहीं दी।