एसआरके मॉल की लिफ्ट में एक घंटे तक क्या हुआ, जानने के लिए पढे़ं
लिफ्ट में बंद ब'चे चीखते रहे, सांस लेने में हुई परेशानी, पुलिस के पहुंचने के बाद खुल सकी मॉल की लिफ्ट
आगरा (जागरण संवाददाता): बाइपास रोड स्थित एसआरके मॉल की लिफ्ट में मंगलवार रात साढ़े नौ बजे 14 लोग फंस गए। करीब एक घंटे तक वे लिफ्ट में बंद रहे। इसमें बंद बच्चे चीखने लगे तो महिलाएं दरवाजा खोलने को चिल्लाती रही। पुलिस के पहुंचने के बाद लिफ्ट खुली और सभी बाहर निकले। इसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश था।
एसआरके मॉल की सीढि़यों के पास वाली लिफ्ट उतरते समय बीच में ही अटक गई। उस समय लिफ्ट में 14 लोग थे। इनमें से दो बच्चे, दो महिलाएं, एक बुजुर्ग शामिल थे। लोगों ने अपने परिचितों को फोन मिलाए। लिफ्ट के हेल्प लाइन नंबर पर कॉल करने के बाद भी मदद न मिली तो उन्होंने पुलिस को कॉल कर दिया। काफी देर तक लिफ्ट में बंद रहने के कारण बच्चों को घबराहट होने लगी और वे चीखने लगे। कहीं से मदद न मिलने पर लिफ्ट के दरवाजे को युवक अंदर से ही ठोंकने लगे। काफी देर बाद लिफ्ट खोलने को काम शुरू हुआ। पुलिस के पहुंचने के बाद करीब साढ़े दस बजे लिफ्ट खुल सकी। इसके बाद उसमें फंसे लोग निकले। एक घंटे तक लिफ्ट में बंद रहने के कारण उनको सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। उनका गुस्सा मॉल प्रशासन पर उतरा। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत करा दिया। इसके बाद वे बिना शिकायत किए चले गए।
लिफ्ट में लोगों के फंसे होने की सूचना मॉल प्रशासन की ओर से मिली थी, जिसपर हम गए थे। लिफ्ट खुलने के बाद वे निकलकर अपने-अपने घर चले गए। किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।
आदित्य कुमार, इंस्पेक्टर न्यू आगरा
लिफ्ट का फ्यूज उड़ था, जिसे 10 मिनट में सही करा दिया गया। मौके पर एंबुलेंस बुला ली गई थी। जो लोग फंसे थे, उनके लिए बाहर निकलने के बाद कोल्ड ड्रिंक और स्नेक्स की व्यवस्था कराई गई थी। एसएसपी को भी फोन करके बता दिया था।
सर्वप्रकाश कपूर, स्वामी,आगरा- एसआरके मॉल
हेल्प लाइन नंबर से भी न मिली मदद
आगरा: लिफ्ट में फंसे महिलाएं और बच्चे चीख रहे थे तो युवक मदद को मोबाइल से फोन लगा रहे थे। लिफ्ट में लिखा हेल्पलाइन नंबर हेल्पलेस साबित हो चुका था। ऐसे में उन्होंने फेसबुक लाइव कर जानकारों से मदद मांगी।
बाइपास स्थित एसआरके मॉल की लिफ्ट मंगलवार रात बीच में ही अटक गई। इसमें 14 लोग सवार थे। जान जोखिम में देखकर सबसे पहले उन्होंने लिफ्ट में लिखे हेल्प लाइन नंबर पर कॉल की। मगर, आधे घंटे तक वहां से कोई रिस्पोंस नहीं मिला। ऐसे में वे घबरा गए। लिफ्ट में बंद संजय गुर्जर ने अंदर के हालत अपने परिचितों को दिखाने और मदद मागने के लिए फेसबुक पर लाइव किया। मंगलवार रात 9.50 किए गए फेसबुक लाइव में उन्होंने लिफ्ट में बंद लोगों की हालत दिखा दी। एक बच्चा अपने पिता की गोद में सिमट कर रो रहा था तो एक बच्ची सहमी हुई मां के पास खड़ी थी। महिलाएं लिफ्ट का दरवाजा खोलने को चीख रही थीं। उधर, कोई युवक अपने परिचित भाजपा नेताओं को फोन कर पुलिस भेजने को गुहार लगा रहा था। मगर, दूसरी ओर से रिस्पोंस नहीं आ रहा था। काफी देर बाद मॉल प्रशासन लाइव में आवाज सुनाई दी। वे लिफ्ट में फंसे लोगों को ढांढस बंधा रहे थे। लोगों ने उन्हें खूब खरी-खरी सुनाईं। इसके बाद 10.30 बजे बाद सभी लिफ्ट के खुलने पर उससे बाहर निकल सके। लिफ्ट के बाहर जमा हुई भीड़
फेसबुक लाइव के बाद तमाम लोग मॉल में पहुंच गए। वे लिफ्ट के बाहर पहुंचकर बाहर चल रही गतिविधियों की जानकारी अंदर फंसे लोगों को दे रहे थे।