अलर्ट के बीच सिकंदरा में गोकशी पर हंगामा, माहौल बिगाड़ने की कोशिश
सिकंदरा के श्रीजी पुरम कॉलोनी की घटना, लोग बोले, तीन दिन पहले भी इसी प्लॉट में हुई थी गोकशी
आगरा (जागरण संवाददाता): जिले में घोषित अलर्ट के बीच असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सिकंदरा हाईवे स्थित एक कॉलोनी के प्लॉट में गोकशी की सूचना पर पहुंचे ¨हदू संगठनों के सदस्यों ने हंगामा किया। पुलिस ने बमुश्किल मामला संभाला। अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में पुलिस का कहना है कि छानबीन की जा रही है।
हाईवे स्थित श्रीजी पुरम कॉलोनी के खाली प्लाट में चमड़े की कतरनों का ढेर है। रविवार तड़के कॉलोनी का एक युवक शौच करने गया तो खाली प्लॉट से बाइक सवार दो लोग बोरे में कुछ लेकर जाते दिखे। शक होने पर वहां जाकर देखा तो गोवंश का मांस पड़ा था। वह बाहर आया तो उक्त युवक बाइक पर सवार होकर भाग निकले। गोकशी की जानकारी पर कॉलोनी के लोगों में आक्रोश फैल गया। जानकारी लगते ही धीरे धीरे लोगों की भीड़ एकत्रित होनी शुरू हो गई।
¨हदू संगठनों के पदाधिकारियों समेत दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना था कि तीन दिन पहले भी इसी प्लॉट में गोकशी हुई थी। पुलिस को खबर दी लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। विहिप के करन गर्ग, सोनू चौधरी, अनुज पाठक, निखिल निगम और प्रमोद शर्मा आदि अधिकारियों और पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। इंस्पेक्टर अजय कौशल ने बताया अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।